December Auto sales : मारुति सुजुकी इंडिया ने सोमवार 01 जनवरी 2024 को बताया है कि दिसंबर 2023 में कंपनी की कुल बिक्री सालाना आधार पर 1.28 फीसदी घटकर 1,37,551 यूनिट रह गई है। एक साल पहले दिसंबर 2022 में कंपनी ने कुल 1,39,347 यूनिट्स की बिक्री की थी। मारुति सुजुकी इंडिया ने आज आए अपने एक बयान में कहा कि यात्री वाहनों, वाणिज्यिक वाहनों और थर्ड-पार्टी सप्लाई सहित दिसंबर 2023 में कंपनी की कुल घरेलू बिक्री 1,10,667 यूनिट रही, जो कि दिसंबर 2022 में 1,17,551 यूनिट थी। दिसंबर 2023 में कंपनी की कुल घरेलू बिक्री में सालाना आधार पर 5.86 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
मारुति सुजुकी ने अपने बयान में आगे कहा है कि पहली बार, कंपनी ने कैलेंडर वर्ष 2023 में 20 लाख यूनिट की वार्षिक बिक्री का आंकड़ा पार किया है। जिसमें 2,69,046 यूनिटों का अब तक का सबसे ज्यादा सालाना निर्यात शामिल है। कंपनी ने बताया है कि दिसंबर 2023 में कुल घरेलू पैसेंजर वाहन (पीवी) की बिक्री 1,04,778 यूनिट रही है जो दिसंबर 2022 में 1,12,010 यूनिट थी। दिसंबर 2023 में कंपनी की कुल घरेलू पैसेंजर वाहन बिक्री में सालाना आधार पर 6.46 फीसदी की गिरावट आई है।
ऑल्टो और एस-प्रेसो सहित एंट्री-लेवल मिनी कारों की बिक्री एक साल पहले की 9,765 यूनिट की तुलना में कम होकर 2,557 यूनिट पर रही है। इसी तरह, बलेनो, सेलेरियो, डिजायर, इग्निस, स्विफ्ट, टूर एस और वैगनआर जैसे मॉडलों सहित कॉम्पैक्ट कारों की बिक्री दिसंबर 2023 में घटकर 45,741 यूनिट रह गई, जो दिसंबर 2022 में 57,502 यूनिट थी।
दूसरी ओर, ब्रेज़ा, अर्टिगा, फ्रोंक्स, ग्रैंड विटारा, इनविक्टो, जिम्नी, एस-क्रॉस और एक्सएल 6 जैसे यूटिलिटी वाहनों की बिक्री दिसंबर 2023 में 45,957 यूनिट से ज्यादा रही। जबकि दिसंबर 2022 में इस सेगमेंट की बिक्री 33,008 यूनिट थी।
कंपनी की मध्यम आकार की सेडान सियाज़ की बिक्री दिसंबर 2022 में 1,154 यूनिट रही थी। वहीं, दिसंबर 2023 में इसकी बिक्री सिर्फ 489 यूनिट रही। जबकि इसकी वैन ईको की बिक्री दिसंबर 2022 के 10,581 यूनिट की तुलना में हल्की गिरावट के साथ 10,034 यूनिट पर आ गई। कंपनी ने बताया है कि दिसंबर 2023 में कंपनी ने 26,884 यूनिटों का निर्यात किया जबकि कंपनी ने दिसंबर 2022 में 21,796 यूनिटों का निर्यात किया था।