DEE Development Engineers Share Price: डीईई डेवलपमेंट इंजीनियर्स (DEE Development Engineers) ने 2 अगस्त को घोषणा की कि उसे मित्सुबिशी हेवी इंडस्ट्रीज, जापान (Mitsubishi Heavy Industries, Japan) और जीई वर्नोवा इंटरनेशनल (GE Vernova International) से 14 करोड़ रुपये के दो अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर मिले हैं। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा, दोनों ऑर्डर प्री-फैब्रिकेटेड कार्बन और स्टेनलेस-स्टील पाइपिंग कंपोनेंट्स की आपूर्ति करने के लिए हैं। इसमें से मित्सुबिशी का ऑर्डर 10 महीने के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। वहीं दूसरा ऑर्डर 7 महीने में पूरा होने की संभावना है। GE वर्नोवा इंटरनेशनल ऑर्डर का मूल्य $473,249 है। मित्सुबिशी के ऑर्डर का कुल मूल्य $12,79,995 है।
हाल ही में यह कंपनी को मिला हुआ दूसरा ऑर्डर है। कंपनी ने 19 जुलाई को घोषणा की थी कि उसने भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स (Bharat Heavy Electricals (BHEL) से 6.33 करोड़ रुपये का परचेज ऑर्डर हासिल किया है। इस कॉन्ट्रैक्ट में 26.2 मीट्रिक टन टरबाइन इंटीग्रल पाइपिंग (पी-92) की आपूर्ति शामिल है। इस ऑर्डर को जून से अगस्त 2025 तक पूरा किया जाना है।
DEE Development Engineers ये कंपनी शेयर बाजार में अपेक्षाकृत नई है। इसने अपनी शुरुआत 26 जून को शेयर बाजार में की थी । कंपनी ने शेयर बाजार में अपने पदार्पण पर पॉजिटिव शुरुआत की। ये 339 रुपये पर लिस्ट हुई थी। ये मूल्य इसके इश्यू प्राइस 203 रुपये से 67 प्रतिशत अधिक है।
डीईई (DEE) एक इंजीनियरिंग फर्म है जो तेल और गैस, बिजली (न्यूक्लियर सहित), रसायन और अन्य प्रोसेस सेक्टर्स जैसे उद्योगों के लिए विशेष प्रोसेस पाइपिंग सॉल्यूशंस पेश करती है। कंपनी इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और मैन्यूफैक्चरिंग में सेवाएं प्रदान करती है।
कंपनी के शेयर एनएसई (NSE) पर पिछले बंद से एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ 358 रुपये पर बंद हुए। DEE Development के शेयरों में पिछले महीने 8 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)