Defence Stocks: डिफेंस कंपनियों के शेयरों में पिछले कुछ समय से गिरावट देखी जा रही है। बुधवार 14 अगस्त को कारोबार के दौरान भी भारत डायनेमिक्स, कृष्णा डिफेंस, पारस डिफेंस, डेटा पैटर्न्स और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स के शेयरों में 2 से 5% तक की गिरावट देखने को मिली। CNBC-आवाज के अनुज सिंघल ने कहा कि डिफेंस सेक्टर इस समय थोड़ा महंगा दिख रहा है। उन्होंने कहा कि डिफेंस कंपनियों का मार्केट कैप हाल में जितना बढ़ा है, उसके मुकाबले उनके प्रॉफिट में महज 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। शायद यही कारण है कि इस सयम कई डिफेंस शेयरों में करेक्शन देखने को मिल रहा है।
उन्होंने मझगांव डाक शिपबिल्डर्स (Mazagon Dock Shipbuilders) का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले एक साल में इस शेयर ने 107 फीसदी का रिटर्न दिया है। हालांकि अगर इसका पिछले एक साल का प्रदर्शन देखा जाए, तो इसमें 12 फीसदी की गिरावट आई है। 52-वीक हाई के स्तर से तो इसमें करीब साढ़े 19 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। NSE पर दोपहर 1 बजे के करीब, मझगांव डाक शिपबिल्डर्स के शेयर करीब 2 फीसदी की गिरावट के साथ 4,740.32 पैसे के भाव पर कारोबार कर रहे थे।
सिंघल ने कहा कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) और MTAR टेक्नोलॉजीज के चार्ट में ऐसा भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डिफेंस सेक्टर में किसी भी स्तर पर खरीदने का समय चला गया है। निवेशकों को अब धैर्य बरतना चाहिए, नहीं तो उनके ऊंचे स्तर पर फंसने को जोखिम है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि ये स्टॉक्स खराब है, बस इनका प्राइस खराब है। ऐसे में डिफेंस सेक्टर में इस समय जारी करेक्शन एक अच्छा संकेत है।
इससे पहले घरेलू म्यूचुअल फंडों ने भी जून तिमाही के दौरान कम से कम 12 डिफेंस कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी घटाई थी। इसमें गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (Garden Reach Shipbuilders & Enginers) और DCX सिस्टम्स जैसे स्टॉक्स भी शामिल है, जिन्होंने 2024 में मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। गार्डन रीच शिपबिल्डर्स में म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी जून तिमाही में करीब 3 फीसदी घटकर 2.82 फीसदी पर आ गई।
वहीं पारस डिफेंस में तो उन्होंने लगभग सारी हिस्सेदारी बेच दी है। जून तिमाही के अंत में पारस डिफेंस में उनकी हिस्सेदारी महज 0.06 फीसदी रह गई, जो इससे पहले मार्च तिमाही के अंत में 2.75 फीसदी था। इसी तरह डेटा पैटर्न्स में उन्होंने अपनी हिस्सेदारी 9.34 फीसदी से घटाकर 6.14 फीसदी कर ली है।
भारत डायनेमिक्स में म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी जून तिमाही में 5.67 फीसदी रही, जो इससे पहले मार्च तिमाही के अंत में 7.93 फीसदी था। वहीं MTAR टेक में उन्होंने अपनी हिस्सेदारी को 14.86 फीसदी से घटाकर 12.76 फीसदी कर ली है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।