Desco Infratech IPO Listing: इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी डेस्को इंफ्राटेक के शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल हो चुका है और अब BSE SME पर लिस्टिंग का इंतजार है। यह वित्त वर्ष 2026 की पहली लिस्टिंग होगी लेकिन ग्रे मार्केट से बहुत उत्साहजनक संकेत नहीं मिल रहे हैं। इसके 30.75 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत 150 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं और ग्रे मार्केट के संकेतों के मुताबिक शेयर 155 रुपये यानी 3.33 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्ट हो सकते हैं। आईपीओ खुलने से पहले इसकी GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) 20 रुपये थी जो अब घटकर 5 रुपये रह गई है। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स के आधार पर ही निवेश से जुड़ा फैसला लेना चाहिए।
Desco Infratech IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
डेस्को इंफ्राटेक का ₹30.75 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 24-26 मार्च तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का धमाकेदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 83.75 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 28.76 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 233.26 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 50.62 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 20.50 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से 1.04 करोड़ रुपये सूरत में कॉरपोरेट ऑफिस बनाने, 1.68 करोड़ रुपये मशीनरी की खरीदारी, 18 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Desco Infratech के बारे में
जनवरी 2011 में बनी डीप इंफ्राटेक सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन, रिन्यूएबल एनर्जी, वाटर और पावर सेक्टर के लिए इंजीनियरिंग, प्लानिंग और कंस्ट्रक्शन का काम करती है। देश के 14 राज्यों के 55 से अधिक शहरों में कंपनी के 2 लाख से अधिक नेचुरल गैस कनेक्शन हैं और इसने 4 हजार किमी से अधिक मीडियम-डेंसिटी पॉलीथिलीन (MDPE) पाइपलाइन बिछाई है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।
वित्त वर्ष 2022 में इसे 83 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 1.23 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 3.46 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 21 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 29.49 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2024 में इसे 3.38 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 22.75 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।