टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग को रेलवे से 412.21 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ऑर्डर मिला है। इसके तहत कंपनी 1,020 बीओएक्सएनएस वैगंस की मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई करेगी। इससे रेलवे से वैगंस की सप्लाई के लिए कुल ऑर्डर 3,400 से बढ़कर 4,420 वैगंस हो गया है। टेक्समैको के शेयरों में 29 अक्तूबर को तेजी देखने को मिली।
मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट के नियमों के तहत वैगंस की होगी सप्लाई
रेलवे बोर्ड ने टेक्समैको को अतिरिक्त ऑर्डर देने के लिए मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट के एक ऑप्शन क्लॉज का इस्तेमाल किया है। टेक्समैको रेलवे को अतिरिक्त वैगंस की सप्लाई उसी कीमत और नियम एवं शर्तों पर करेगी, जो मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट से जुड़े हैं। इससे कुल संशोधित वैल्यू बढ़कर 1,786.74 करोड़ रुपये हो जाएगी। इसमें टैक्स शामिल है।
कंपनी अगले साल 11 जून तक करेगी वैगंस की सप्लाई
टेक्समैको रेलवे के लिए कई तरह के प्रोडक्ट्स बनाती है। कंपनी को अतिरिक्त ऑर्डर के तहत वैगंस की सप्लाई 11 जून, 2027 तक करनी होगी। डिलीवरी पीरियड में ऑरिजिनल कॉन्ट्रैक्ट के तहत संशोधित डिलीवरी प्रोग्राम के बाद 162 दिन का अतिरिक्त समय शामिल है। BOXNS वैगंस का इस्तेमाल माल ढुलाई के लिए होता है।
कंपनी का जीडीपी ग्रोथ से दोगुना ग्रोथ का टारगेट
कंपनी ने यह नहीं बताया है कि अतिरिक्त ऑर्डर से उसके रेवेन्यू में कितना इजाफा होगा। टेक्समैको कोलकाता की इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है। FY25 में कंपनी के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर और वाइस चेयरमैन ने कहा था कि कंपनी देश की जीडीपी के ग्रोथ रेट से दोगुना ग्रोथ रेट हासिल करने की कोशिश कर रही है।
कंपनी ने जिंदल रेल का किया था अधिग्रहण
मुखर्जी ने हालांकि यह कहा था कि बहुत ज्यादा ग्रोथ लंबे समय तक जारी नहीं रह सकती। उन्होंने प्रॉफिट बढ़ाने की कंपनी की क्षमता के बारे में भी बताया था। उन्होंने इसमें मौजूदा स्तर से करीब 15-20 फीसदी तक बढ़ाने का टारगेट रखा था। कंपनी के विस्तार की स्ट्रेटेजी में अधिग्रहण भी शामिल है। कंपनी ने 615 रुपये में जिंदल रेल इंफ्रास्ट्रक्चर का अधिग्रहण किया था। यह डील पूरी तरह से कैश में हुई थी।
कंपनी विदेश में भी मौकों का फायदा उठाना चाहती है
जिंदल रेल इंफ्रास्ट्रक्चर के अधिग्रहण से टेक्समैको की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ी है। बाद में कंपनी ने जिंदल रेल का नाम बदलकर टेक्समैको वेस्ट कर दिया था। कंपनी भारत में अपनी मजबूत पैठ बनाने के साथ ही विदेश में उपलब्ध मौकों का फायदा उठाना चाहती है। टेक्समैको का शेयर 29 अक्तूबर को 2.88 फीसदी चढ़कर 103.70 रुपये पर बंद हुआ। इस साल कंपनी का शेयर 24 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है।