Dhariwalcorp IPO Listing: वैक्स, केमिकल और जेली कंपनी धारीवालकॉर्प (Dhariwalcorp) के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 174 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 106 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 150 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 41.51 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Dhariwalcorp Listing Gain) मिला। हालांकि आईपीओ निवेशकों की खुशी थोड़ी ही देर में गायब हो गई जब शेयर टूट गए। टूटकर यह 142.50 रुपये (Dhariwalcorp Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया और इसी पर बंद हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 34.43 फीसदी मुनाफे में हैं।
Dhariwalcorp IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
धारीवालकॉर्प का ₹25.15 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 1-5 अगस्त तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 174.95 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 76.93 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 279.17 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 183.89 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 23,72,400 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल वेयरहाउस बनाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
वर्ष 2020 में बनी धारीवालकॉर्प कई प्रकार के वैक्स, इंडस्ट्रियल केमिकल्स और पेट्रोलियम जेली की खरीद-बिक्री करती है। यह प्लाईवुड और बोर्ड, पेपर कोटिंग, क्रेयॉन मैनुफैक्चरिंग, कैंडल प्रोडक्शन, टेक्सटाइल्स, फार्मा, पेट्रोलियम जेली और कॉस्मेटिक्स, ट्यूब और टायर मैनुफैक्चरिंग, मैच प्रोडक्शन, फूड प्रोसेसिंग और एढेसिव मैनुफैक्चरिंग सेक्टर्स के लिए सप्लाई चेन में अहम भूमिका निभाती है। इसका कारोबार देश के 21 राज्यों और 3 यूनियन टेरिटरीज में फैला हुआ है और यह नेपाल को भी निर्यात करती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2022 में इसे 1.42 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में घटकर 59.84 लाख रुपये रह गया। हालांकि अगले ही वित्त वर्ष 2024 में तेजी से मुनाफा उछलकर 4.51 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 20 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 231.11 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।