US-Iran War में ढह रहा बाजार, DIIs ने 8 ही दिन में हमारे-आपके पैसों से खरीद लिए ₹58000 करोड़ के शेयर

Investment amid US-Iran War: स्टॉक मार्केट का एक गोल्डन रूल है कि गिरावट पर अच्छे स्टॉक्स में खरीदारी करनी चाहिए। बस इसी नियम से चलते डीआईआई ने ताबड़तोड़ खरीदारी की और महज 8 कारोबारी दिनों में ₹58 हजार करोड़ से अधिक के शेयरों की खरीदारी कर डाली। खास बात ये है कि जिस दिन अधिक गिरावट, उस दिन अधिक खरीदारी। चेक करें खरीदारी का पैटर्न और एक्सपर्ट्स का क्या कहना है?

अपडेटेड Mar 09, 2026 पर 10:40 AM
Story continues below Advertisement
Investment amid US-Iran War: इस साल 2026 में अब तक DIIs का भारतीय शेयरों में निवेश ₹1 लाख करोड़ से अधिक हो गया है। डीआईआई ने यह निवेश करीब 39 कारोबारी दिनों में किया।

Investment amid US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ी जंग के चलते दुनिया भर के स्टॉक मार्केट में हाहाकार मचा है और DII यानी घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इसका फायदा उठाते हुए ताबड़तोड़ खरीदारी की। फरवरी के शुरुआती दिनों में निवेश की सुस्त रफ्तार के बाद म्यूचुअल फंड, बीमा कंपनियां, बैंक और पेंशन फंड जैसे डीआईआई ने बाजार की हालिया गिरावट के दौरान आक्रामक खरीदारी की। पश्चिमी एशिया में बढ़ते जियोपॉलिटिकल टेंशन के कारण बाजार में बिकवाली बढ़ी और इस दौरान महज आठ कारोबारी दिनों में DIIs ने भारतीय शेयरों में ₹58,000 करोड़ से अधिक का निवेश कर दिया।

बता दें कि 24 फरवरी के बाद से भारतीय शेयर मार्केट में तेज गिरावट आई। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी करीब 5% फिसल तो BSE 150 मिडकैप इंडेक्स 3.4% और BSE 250 स्मॉलकैप इंडेक्स 4.1% गिर गया। इस दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने $100 करोड़ से अधिक के शेयर बेच दिए। इस साल 2026 में अब तक DIIs का भारतीय शेयरों में निवेश ₹1 लाख करोड़ से अधिक हो गया है। डीआईआई ने यह निवेश करीब 39 कारोबारी दिनों में किया। हालांकि पिछले साल 2025 में DIIs ने पहला ₹1 लाख करोड़ निवेश सिर्फ 31 कारोबारी दिनों में किया था।

तेज गिरावट वाले दिन अधिक खरीदारी का रुझान


डीआईआई के खरीदारी को लेकर खास बात ये रही कि बाजार में तेज गिरावट वाले दिनों में यह तेज रही। 24 फरवरी को जब सेंसेक्स और निफ्टी 1.3% गिरे, तब DIIs ने ₹3,160 करोड़ के शेयर खरीदे। इसके बाद अगले दो दिन जब बाजार लगभग स्थिर रहा, तब DIIs ने 25 फरवरी को ₹5,119 करोड़ और 26 फरवरी को ₹5,031 करोड़ का निवेश किया। इसके बाद बाजार में गिरावट के दौरान खरीदारी और तेज हो गई। 27 फरवरी को सेंसेक्स और निफ्टी की करीब 1.2% की गिरावट के दिन डीआईआई ने ₹12,300 करोड़, 2 मार्च को 1.3% की फिसलन के दिन ₹8,600 करोड़ और और 4 मार्च को 1.4% की गिरावट के दिन ₹12,000 करोड़ के शेयर खरीदे।

5 मार्च को जब भारतीय बाजारों में उछाल आया, तब DIIs ने ₹5,154 करोड़ से अधिक का निवेश किया। इसके अगले ही दिन 6 मार्च को बाजार में फिर से गिरावट आने पर भी DIIs की खरीदारी जारी रही और उन्होंने ₹6,971 करोड़ से अधिक के शेयर खरीदे। डीआईआईज की इस मजबूत खरीदारी से पहले 1 फरवरी से 23 फरवरी के बीच DIIs ने करीब ₹14,000 करोड़ का निवेश किया था, जबकि एनएसई पर मौजूद डिटेल्स के हिसाब से जनवरी में यह आंकड़ा लगभग ₹70,000 करोड़ था।

क्या कहना है एक्सपर्ट्स का?

जियोजीट इंवेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर के मुताबिक पिछले महीने निवेश की धीमी रफ्तार के चलते DIIs के पास पर्याप्त नकदी थी। युद्ध के असर और वैश्विक बिकवाली के चलते आई हालिया गिरावट में बाजार ओवरसोल्ड जोन में आया तो लॉन्ग टर्म के निवेश के लिए अच्छा मौका मिला, खासकर तब जब SIP के जरिए लगातार निवेश आ रहा है।

चॉइस वेल्थ के रिसर्च और प्रोडक्ट हेड अक्षत गर्ग के अनुसार हालिया गिरावट के दौरान घरेलू म्यूचुअल फंड की आक्रामक खरीदारी घरेलू लिक्विडिटी के मजबूत ढांचे को दिखाता है। उनका कहना है कि SIP में लगातार निवेश और रिटेल निवेशकों की भागीदारी के कारण अब म्यूचुअल फंड बाजार गिरने पर निवेश कर सकते हैं, बजाय इसके कि वे तेजी के दौरान केवल मोमेंटम का पीछा करें। उनका कहना है कि जब तक SIP निवेश मजबूत रहता है और अर्निंग्स ग्रोथ बनी रहती है, DIIs बाजार को स्थिर रखने में अहम भूमिका निभाते रहेंगे।

Acetech E-Commerce IPO Listing: फ्लैट एंट्री के बाद ऊपर चढ़ा ₹112 का शेयर, नई खरीदारी से पहले चेक करें ये डिटेल्स

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।