दिवाली मुहूर्त ट्रेडिंग पर चाहिए दमदार प्रॉफिट, चुन सकते हैं ये 10 स्टॉक, 2 ब्रोकरेज ने लगाया दांव

Diwali Muhurat stocks Picks 2026: SBI सिक्योरिटीज ने संवत 2083 के लिए अगले 12 महीनों के नजरिए से स्टॉक्स की लिस्ट जारी की है। इसमें टाटा स्टील, IHCL, MCX, ज्योति CNC, स्काई गोल्ड और जीनस पावर शामिल हैं। मुहूर्त ट्रेडिंग 8 नवंबर को होगी।

अपडेटेड Nov 02, 2026 पर 11:37 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिवाली मुहूर्त ट्रेडिंग 2026 रविवार 8 नवंबर को होगी।

भारत में दिवाली एक बड़ा त्योहार है. इस दिन पूरा भारत रौशनी से नहाया होता है. इसके साथ ही इस दिन सुख-समृद्धी की देवी माता लक्ष्मी की भी पूजा होती है, ऐसे में शेयर बाजार भी दिवाली वाले दिन कुछ घंटों के लिए खुलता है, ताकि निवेशक अपने पोर्टफोलियो में शुभ खरीदारी कर सकें. चलिए, जानते हैं ऐसे 10 स्टॉक्स के बारे में जिन पर आप दिवाली मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए दांव लगा सकते हैं.

किन स्टॉक्स पर SBI सिक्योरिटीज ने लगाया दांव?

SBI सिक्योरिटीज ने जिन 6 शेयरों पर दांव लगाया है, उनमें, टाटा स्टील, IHCL, MCX, ज्योति CNC, स्काई गोल्ड और जीनस पावर पर जैसे नाम हैं.


Axis Securities ने किन शेयरों पर लगाया दांव?

Axis Securities ने अपनी पसंद के 4 शेयरों में- अशोक लेलैंड, एलेकॉन, हिंडाल्को और कोफोर्ज पर टारगेट प्राइस दिए हैं।

अशोक लेलैंड के लिए ब्रोकरेज ने 170 रुपये का टारगेट रखा है, जबकि पिछले 52 हफ्तों में ये शेयर 138.05 रुपये के लो से लेकर 215.35 रुपये के हाई तक का सफर तय कर चुका है।

एलेकॉन पर 500 रुपये का टारगेट है और 52 हफ्तों में इसने 579.25 रुपये का हाई और 352 रुपये का लो देखा है।

हिंडाल्को के लिए Axis Securities ने 1,000 रुपये का टारगेट दिया है, वहीं 52 हफ्तों में ये शेयर 1,179.35 रुपये के हाई तक जा चुका है और 770.40 रुपये का लो भी देख चुका है।

कोफोर्ज पर ब्रोकरेज ने 2,245 रुपये का टारगेट रखा है, जो इसके 52 हफ्ते के हाई 2,021.95 रुपये से भी ऊपर है। इस दौरान शेयर का 52 हफ्ते का लो 1,008.50 रुपये रहा है।

SBI Securities के पसंदीदा शेयर

टाटा स्टील

ब्रोकरेज की मुहूर्त ट्रेडिंग लिस्ट में टाटा स्टील टॉप पर है। SBI सिक्योरिटीज ने इस पर 200 रुपये का टारगेट दिया है, जो 171 रुपये के मौजूदा भाव से 17% ऊपर है।

ब्रोकरेज का अनुमान है कि FY26 से FY28E के बीच टाटा स्टील का रेवेन्यू 8.3%, EBITDA 17.6% और मुनाफा 36% की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ेगा। इस रफ्तार से रेवेन्यू 2,72,448 करोड़ रुपये, EBITDA 47,512 करोड़ रुपये और मुनाफा 19,968 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। मौजूदा भाव पर स्टॉक FY27E के लिए 6.8 गुना और FY28E के लिए 6.2 गुना EV/EBITDA पर ट्रेड कर रहा है।

IHCL

ताज होटल्स चलाने वाली इंडियन होटल्स कंपनी (IHCL) पर ब्रोकरेज ने 935 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज ने 813 रुपये के भाव पर 15% अपसाइड बताया था। स्टॉक अब 827 रुपये पर है, इस हिसाब से टारगेट करीब 13.1% दूर है।

FY26 से FY28E के बीच कंपनी का रेवेन्यू 14.6%, EBITDA 17.6% और मुनाफा 10.1% की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ने का अनुमान है। 813 रुपये के भाव पर स्टॉक FY27E के लिए 28.8 गुना और FY28E के लिए 24.6 गुना EV/EBITDA पर था। ब्रोकरेज को ये वैल्यूएशन ठीक लगता है, क्योंकि कंपनी का कामकाज अच्छी रफ्तार में है, वो एसेट-लाइट तरीके से विस्तार कर रही है और बैलेंस शीट मजबूत है। सितंबर 2026 तक कंपनी के पास 4,369 करोड़ रुपये का ग्रॉस कैश था।

MCX

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) के लिए ब्रोकरेज ने 3,633 रुपये का टारगेट रखा है। 3,187 रुपये के भाव पर ब्रोकरेज ने 14% अपसाइड बताया था। स्टॉक अभी 3,206 रुपये पर है, यहां से टारगेट करीब 13.3% ऊपर है।

FY26 से FY28E के बीच MCX का रेवेन्यू 24%, EBITDA 24.3% और मुनाफा 25.2% की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़कर क्रमशः 3,540 करोड़, 2,544 करोड़ और 2,087 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। 3,187 रुपये के भाव पर स्टॉक FY27E के लिए 45.9 गुना और FY28E के लिए 38.9 गुना P/E पर ट्रेड कर रहा था।

ज्योति CNC ऑटोमेशन

ज्योति CNC ऑटोमेशन पर SBI सिक्योरिटीज ने 1,087 रुपये का टारगेट दिया है, जो 926 रुपये के मौजूदा भाव से 17.4% ऊपर है।

ब्रोकरेज के मुताबिक FY26 से FY28E के बीच कंपनी का रेवेन्यू 30%, EBITDA 32% और मुनाफा 34% की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ेगा। इससे रेवेन्यू 3,514 करोड़, EBITDA 912 करोड़ और मुनाफा 600 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। 926 रुपये के भाव पर स्टॉक FY27E के लिए 48.8 गुना और FY28E के लिए 34.9 गुना P/E पर है।

स्काई गोल्ड एंड डायमंड्स

ज्वेलरी कंपनी स्काई गोल्ड एंड डायमंड्स पर ब्रोकरेज ने 1,080 रुपये का टारगेट रखा है। 935 रुपये के भाव पर ब्रोकरेज ने करीब 15.5% अपसाइड बताया था। स्टॉक अब 895 रुपये पर आ गया है, यानी यहां से टारगेट करीब 20.7% दूर है।

FY26 से FY28E के बीच कंपनी का रेवेन्यू 37.1%, EBITDA 45.9% और मुनाफा 48.4% की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ने का अनुमान है। 935 रुपये के भाव पर स्टॉक FY27E के लिए 32.4 गुना और FY28E के लिए 23.3 गुना P/E पर था। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के मजबूत ग्रोथ गाइडेंस और मार्जिन बढ़ने से RoCE में आ रहे सुधार को देखते हुए ये वैल्यूएशन ठीक है।

जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर्स

जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर्स पर ब्रोकरेज ने 320 रुपये का टारगेट दिया है। 268 रुपये के भाव पर ब्रोकरेज ने 19.4% अपसाइड बताया था। स्टॉक अब 271 रुपये पर है, यहां से टारगेट करीब 18.1% ऊपर है।

FY26 से FY28E के बीच कंपनी का रेवेन्यू 18.6%, EBITDA 15.4% और मुनाफा 10.6% की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़कर क्रमशः 6,682 करोड़, 1,284 करोड़ और 724 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। 268 रुपये के भाव पर स्टॉक FY27E के लिए 12.1 गुना और FY28E के लिए 11.2 गुना P/E पर था, जिसे ब्रोकरेज ने आकर्षक वैल्यूएशन बताया है। कंपनी ने टेंडर रूट से 312 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 148.2 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक का ऐलान भी किया है। ब्रोकरेज के मुताबिक बाजार के मौजूदा उतार-चढ़ाव के बीच ये बायबैक शेयर को सहारा दे सकता है।

कब और कितने बजे होगी मुहूर्त ट्रेडिंग?

इस बार BSE और NSE पर एक घंटे की मुहूर्त ट्रेडिंग रविवार, 8 नवंबर को लक्ष्मी पूजन के मौके पर होगी। आम दिनों में इक्विटी बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुला रहता है, लेकिन मुहूर्त ट्रेडिंग एक खास छोटी खिड़की में होती है। पूरा शेड्यूल कुछ इस तरह रहेगा।

ट्रेडिंग मेंबर्स दोपहर 1:15 बजे से 1:50 बजे के बीच लॉग इन कर सकेंगे। इसके बाद 1:50 बजे से 2:05 बजे तक ब्लॉक डील विंडो खुलेगी। प्री-ओपन सेशन 2:05 बजे शुरू होगा, जिसमें 2:10 बजे तक लिमिट और मार्केट, दोनों तरह के ऑर्डर डाले जा सकेंगे। 2:10 बजे से 2:15 बजे के बीच सिर्फ लिमिट ऑर्डर ही लिए जाएंगे। ऑर्डर मैचिंग और कन्फर्मेशन 2:15 बजे से 2:17 बजे तक होगा, फिर 2:20 बजे तक बफर पीरियड रहेगा। असली कारोबार यानी कंटीन्यूअस ट्रेडिंग 2:20 बजे से 3:30 बजे तक चलेगी, और इसी विंडो के आखिरी हिस्से में क्लोजिंग ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।