सैमसंग (Samsung), शाओमी (Xiaomi), पैनासोनिक (Panasonic) और फिलिप्स (Philips) के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर टीवी, वॉशिंग मशीन, स्मार्टफोन और एलईडी बल्ब इत्यादि बनाने वाली डिक्सन टेक के शेयर इस साल करीब 26 फीसदी मजबूत हुए हैं। आज भी यह शेयर ग्रीन जोन में हैं। हालांकि मार्च 2024 तिमाही के नतीजे सामने आने के बाद इसे कवरेज वाले 30 एनालिस्ट्स में कम से कम 26 फीसदी ने इसकी सेल रेटिंग को कायम रखा है। एनालिस्ट्स के मुताबिक मार्च तिमाही के नतीजे उसके अनुमान से काफी कमजोर रहे। आज शेयरों के चाल की बात करें तो इंट्रा-डे में BSE पर यह 3.14 फीसदी उछलकर 8351.45 रुपये (Dixon Tech Share Price) तक पहुंच गया था। मार्च तिमाही में इसका मार्जिन 1.10 फीसदी गिर गया क्योंकि लो-मार्जिन वाले मोबाइल और ईएमएस कारोबार की हिस्सेदारी सालाना आधार पर 46 फीसदी से बढ़कर 66 फीसदी पर पहुंच गई।
Dixon Tech के लिए क्या है टारगेट प्राइस
गोल्डमैन सैक्स ने इसे 5910 रुपये के टारगेट प्राइस पर सेल रेटिंग दी है। ब्रोकरेज का कहना है कि डिक्सन टेक के मोबाइल बिजनेस में मार्च में पूरी तरह से तेजी नहीं आ पाई और बाकी बिजनेस भी उम्मीद से कमजोर रहे। हालांकि आगे की बात करें तो ब्रोकरेज की नजरें मोबाइल कारोबार पर ही और इसका मानना है कि इसमें तेजी आ सकती है।
जेफरीज ने इसे अंडरपरफॉर्म रेटिंग दी है लेकिन टारगेट प्राइस बढ़ाकर 6350 रुपये कर दिया है लेकिन यह भी मौजूदा लेवल से काफी नीचे है। ब्रोकरेज के मुताबिक यह शेयर फिलहाल वित्त वर्ष 2025 की अर्निंग्स के मुकाबले 85 गुने भाव यानी 86x FY25E पर है जो काफी महंगा है। वित्त वर्ष 2024 में मोबाइल को छोड़ कंपनी के बाकी प्रोडक्ट्स का बिजनेस सुस्त रहा। ब्रोकरेज ने डिस्प्ले मॉड्यूल, पीएलआई और नई कैटेगरीज में इसके कैपिटल एक्सपेंडिचर का अनुमान बढ़ा दिया है और यह वित्त वर्ष 2025 में 550 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2026 में 450 करोड़ रुपये रह सकता है।
अब डिक्सन टेक पर दांव लगाने वाले ब्रोकरेज सीएलएसए की बात करें तो इसका मानना है कि एक साल में यह शेयर 9 हजार रुपये का लेवल छू सकता है। ब्रोकरेज का मानना है कि मोबाइल बिजनेस में तेजी के दम पर अगले तीन वित्त वर्ष में इसका रेवेन्यू सालाना 40 फीसदी की ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ सकता है और प्रति शेयर आय (EPS) तीन गुना हो सकता है। ब्रोकरेज को लैपटॉप और टैबलेट्स में तेजी से विस्तार के साथ-साथ बैकवार्ड इंटीग्रेशन और इंडस्ट्रियल ईएमएस के चलते अच्छी ग्रोथ दिख रही है। सीएलएसए ने डिक्सन टेक को आउटपरफॉर्म रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।