Dr Reddy's के शेयरों में 11% का तगड़ा उछाल, इस उम्मीद ने भरा तगड़ा जोश

Dr. Reddy's News: एक तरफ घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) शुरुआती कारोबार में ही औंधे मुंह गिर पड़े तो दूसरी तरफ डॉ रेड्डीज के शेयर रॉकेट बन गए। उछलकर यह एक साल के रिकॉर्ड हाई के और करीब पहुंच गया। एक मंजूरी की उम्मीद ने इसके शेयरों में यह जोश भरा है। डिटेल्स में पढ़ें

अपडेटेड Apr 23, 2026 पर 3:40 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
तीसरी तिमाही के कारोबारी नतीजों के बाद Dr Reddy's के मैनेजमेंट ने कहा था कि उन्हें मई 2026 तक कनाडा में सेमाग्लूटाइड की मंजूरी को लेकर जानकारी मिलने की उम्मीद है।

Dr. Reddy's News: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज को कनाडा में सेमाग्लूटाइड (Semaglutide) के लिए अभी भी मंजूरी का इंतजार है। सीएनबीसी-टीवी18 को सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है। हालांकि इसी मंजूरी की उम्मीद ने आज कमजोर मार्केट में डॉ रेड्डीज के शेयरों में चाबी भरी और यह 11% से अधिक उछल पड़ा। यह इसके शेयरों में मई 2022 के बाद से इंट्रा-डे में एक दिन की सबसे बड़ी तेजी है। एक तरह घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) शुरुआती कारोबार में ही करीब 1% तक टूट गए तो दूसरी तरफ डॉ रेड्डीज के शेयर बीएसई पर 7.93% उछलकर ₹1313.45 तक पहुंच गए थे। हल्की-फुल्की मुनाफावसूली के साथ आज यह 11.50% की बढ़त के साथ ₹1357.00 (Dr Reddy's Lab Share Price) पर बंद हुआ है।

कितनी अहम है Dr Reddy's के लिए मंजूरी?

तीसरी तिमाही के कारोबारी नतीजों के बाद डॉ रेड्डीज के मैनेजमेंट ने कहा था कि उन्हें मई 2026 तक कनाडा में सेमाग्लूटाइड की मंजूरी को लेकर जानकारी मिलने की उम्मीद है। साथ ही कंपनी ने कहा था कि इसे वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही या वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में लॉन्च करने की तैयारी हो रही है। कंपनी को ट्रैक करने वाले एनालिस्ट्स् का मानना है कि कनाडा के बाजार में 6 से 9 महीनों तक कोई कॉम्पटीशन नहीं होगी। साथ ही मार्केट को वित्त वर्ष 2027 में कनाडा के बाजार से डॉ रेड्डीज को $8-$10 करोड़ के रेवेन्यू हासिल होने का अनुमान है। कनाडा में सेमाग्लूटाइड का पूरा बाजार करीब $150 करोड़ का है। बता दें कि लॉन्च के पहले साल के भीतर दो और कंपनियों के बाजार में आने की संभावना है, जिनमें सैंडोज (Sandoz) और एपोटेक्स (Apotex) भी अपने प्रोडक्ट्स के साथ तैयार हैं।


एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज के शेयरों ने पिछले साल कम समय में ही निवेशकों की फटाफट तगड़ी कमाई कराई थी लेकिन फिर यह टूट गया। पिछले साल 7 मई 2025 को बीएसई पर यह ₹1121.20 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से एक ही महीने में यह 22.90% उछलकर 12 जून 2025 को ₹1377.95 पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।

Havells India के शेयर धड़ाम, तीन ब्रोकरेज फर्मों ने घटाई रेटिंग तो घबराए निवेशक

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।