"अब नहीं बेचूंगा कंपनी के शेयर", प्रमोटर के एक बयान से स्टॉक में रॉकेट सी तेजी, 17% उछलकर खुला भाव

Easy Trip Planners Shares: ईजी ट्रिप प्लानर्स लिमिटेड के शेयर सोमवार 6 जनवरी को शुरुआती कारोबार में 17% तक उछल गए। यह तेजी कंपनी के फाउंडर और इसके प्रमोटरों में से एक निशांत पिट्टी के एक बयान के बाद आई। पिट्टी ने अपने बयान में साफ किया भविष्य में कंपनी के किसी भी प्रमोटर की ओर से कोई और हिस्सेदारी नहीं बेची जाएगी

अपडेटेड Jan 06, 2025 पर 11:24 AM
Story continues below Advertisement
Easy Trip Planners Shares: निशांत पिट्टी ने बताया कि उन्होंने निजी जरूरतों के चलते कंपनी की 1.4% हिस्सेदारी बेची थी

Easy Trip Planners Shares: ईजी ट्रिप प्लानर्स लिमिटेड के शेयर सोमवार 6 जनवरी को शुरुआती कारोबार में 17% की भारी तेजी के साथ खुले। यह तेजी कंपनी के फाउंडर और इसके प्रमोटरों में से एक निशांत पिट्टी के एक बयान के बाद आई। पिट्टी ने अपने बयान में साफ किया भविष्य में कंपनी के किसी भी प्रमोटर की ओर से कोई और हिस्सेदारी नहीं बेची जाएगी। निशांत पिट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "X" पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनकी कंपनी में आगे कोई और स्टेक बेचने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने हमारे सहयोगी CNBC-TV18 के साथ बातचीत में भी इस बात की पुष्टि की।

निजी जरूरतों के चलते बेचा गया स्टेक

पिट्टी ने बताया कि पिछले सप्ताह उन्होंने अपनी कुछ निजी जरूरतों के लिए कंपनी में अपनी करीब 1.4 फीसदी हिस्सेदारी बेची थी। उन्होंने यह भी साफ किया न तो वह, न ही प्रशांत और रिकांत पिट्टी कंपनी में अपनी और हिस्सेदारी बेचेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास मौजूद 14.2% स्टेक को कभी पूरी तरह से बिक्री के लिए नहीं रखा गया था।

नए CEO की नियुक्ति और भविष्य की रणनीति


कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने के एक दिन बाद ही निशांत पिट्टी ने CEO पद से इस्तीफा दे दिया, और रिकांत पिट्टी को कंपनी का नया CEO बनाया गया। हालांकि, निशांत पिट्टी कंपनी के चेयरमैन बने रहेंगे। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म "X" पर लिखी एक दूसरी पोस्ट में पिट्टी ने कहा कि चेयरमैन के रूप में उनका फोकस कंपनी के अंतरराष्ट्रीय विस्तार पर रहेगा, जबकि रिकांत कंपनी के रोजाना के कामकाज को संभालेंगे।

फंड्स का इस्तेमाल और कंपनी की वित्तीय स्थिति

पिट्टी ने CNBC-TV18 को यह भी बताया कि तीनों भाइयों के बीच सब कुछ ठीक है और हिस्सेदारी बिक्री से जुटाए गए फंड का इस्तेमाल ट्रैवल सेक्टर में निवेश के लिए किया जाएगा। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि कंपनी के पास फिलहाल 400 करोड़ रुपये की नकदी है।

पिछले सप्ताह निशांत पिट्टी द्वारा कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने की घोषणा के बाद, ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयर चर्चा में थे। हालांकि, उन्होंने अपनी केवल 1.4% हिस्सेदारी की बिक्री की और अगले दिन उन्होंने CEO पद से इस्तीफा दे दिया।

सुबह 11 बजे के करीब, ईजी ट्रिप के शेयर अपने शुरुआती उच्चतम स्तर से नीचे आ गए थए, लेकिन अब भी यह करीब 7 फीसदी की तेजी के साथ 16.6 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे हैं। इसके साथ ही जनवरी महीने में अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 5 फीसदी की तेजी आ चुकी है।

यह भी पढ़ें- Brokerage Radar: ब्रोकरेज के रडार पर आए बजाज फाइनेंस समेत ये 8 शेयर, दांव लगाने से पहले नोट कर लें टारगेट प्राइस

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।