एडलवाइज म्यूचुअल फंड की एमडी और सीईओ राधिका गुप्ता का मानना है कि निवेशकों के पोर्टफोलियो का 10-15% ग्लोबल इनवेस्टमेंट में होना चाहिए। ब्रोकरेज फर्म ग्रो के एक कार्यक्रम में उन्होंने स्टॉक एक्सचेंज और इनवेस्टमेंट को लेकर कई अहम बातें बताईं। उन्होंने कहा कि पोर्टफोलियो के ज्यादा हिस्से का निवेश भारत में होना चाहिए। लेकिन, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेश से डाइवर्सिफिकेशन का फायदा मिलता है।
पोर्टफोलियो का 10-15 फीसदी ग्लोबल इनवेस्टमेंट में
उन्होंने कहा कि भारतीय शेयर बाजार निवेशकों के पोर्टफोलियो के लिए दाल-चावल की तरह है, जबकि ग्लोबल निवेश उसमें पिज्जा और नूडल्स जैसी विविधता लाता है। उन्होंने निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो का करीब 10-15% हिस्सा ग्लोबल निवेश में रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कई निवेशक जाने-अनजाने पहले से ही ग्लोबल निवेशक हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जो लोग सोने में निवेश कर रहे हैं, वे भी ग्लोबल निवेशक हैं। सोने की कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय ब्याज दरों, करेंसी में उतार-चढ़ाव और दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों की मांग का असर पड़ता है।
दुनिया के इक्विटी बाजार में भारत की हिस्सेदारी सिर्फ 3%
इसी कार्यक्रम में Groww Mutual Fund के CEO वरुण गुप्ता ने कहा कि करीब 150 लाख करोड़ डॉलर के ग्लोबल इक्विटी मार्केट में भारत की हिस्सेदारी लगभग 3% है। उन्होंने सवाल किया कि क्या निवेशक अपना पूरा पैसा दुनिया के सिर्फ 3% बाजार में ही लगाना चाहते हैं? उनका कहना था कि भारतीय निवेशकों को अलग-अलग देशों में मौजूद वेल्थ क्रिएशन के अवसरों का भी फायदा उठाना चाहिए।
निवेशकों में विदेश में निवेश की दिलचस्पी तेजी से बढ़ रही है
वरुण गुप्ता के मुताबिक, विदेशी फंड ऑफ फंड्स (FoF) में निवेश 2020 में करीब 6,800 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग 45,000 करोड़ रुपये हो गया है। यानी इस दौरान इसमें करीब सात गुना बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में निवेशकों को विदेशी बाजारों के रिटर्न ने आकर्षित किया था, लेकिन अब निवेश का मकसद धीरे-धीरे डाइवर्सिफिकेशन और दुनिया भर में ग्रोथ के अवसरों तक पहुंच बनाना हो रहा है।
एआई और सेमीकंडक्टर जैसी कंपनियों में निवेश के मौके
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग तथा बायोटेक्नोलॉजी आधारित फार्मा इनोवेशन जैसे सेक्टरों का जिक्र किया। इन क्षेत्रों में कई ऐसी कंपनियां हैं, जो भारत के बाहर मौजूद हैं और भविष्य में वेल्थ क्रिएशन के अवसर दे सकती हैं। वरुण ने ग्लोबल बाजारों को ‘छप्पन भोग’ बताते हुए कहा कि अलग-अलग देशों और सेक्टरों में निवेश के कई विकल्प मौजूद हैं।
विदेश में निवेश करने वालों को रुपये की वैल्यू पर नजर रखनी होगी
राधिका गुप्ता ने डॉलर के मुकाबले रुपये की वैल्यू में बदलाव को काफी अहम बताया। उन्होंने अमेरिका में चार साल की अंडरग्रेजुएट डिग्री की लागत का उदाहरण दिया। उनके मुताबिक, 2005 में इसकी लागत करीब 1 करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 3 करोड़ रुपये हो गई है। उन्होंने अनुमान लगाया कि जब उनका चार साल का बेटा कॉलेज जाने की उम्र में पहुंचेगा, तब तक यह खर्च बढ़कर करीब 11 करोड़ रुपये हो सकता है। इसका मतलब है कि जिन निवेशकों के भविष्य के लक्ष्य विदेशों से जुड़े हैं, उनके लिए ग्लोबल निवेश और करेंसी में होने वाले बदलावों को समझना जरूरी है।
विदेश में निवेश का मकसद इनवेस्टर्स के लक्ष्य से जुड़ा होना चाहिए
JioBlackRock Mutual Fund के CIO ऋषि कोहली ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय निवेश का फैसला निवेशक के एसेट एलोकेशन, जोखिम उठाने की क्षमता और वित्तीय लक्ष्यों के आधार पर होना चाहिए। निवेशकों को पहले यह तय करना चाहिए कि उनके पोर्टफोलियो में ग्लोबल निवेश की भूमिका क्या होगी। क्या इसका मकसद जोखिम का बंटवारा यानी डाइवर्सिफिकेशन है या उन निवेश थीम में हिस्सेदारी हासिल करना है, जो भारतीय बाजार में आसानी से उपलब्ध नहीं हैं?