52 हफ्ते के हाई से 36% नीचे है यह शेयर, क्या अभी निवेश से हो सकती है जोरदार कमाई?

भारत में नए लैपटॉप की कीमतें सालाना आधार पर 70-80 फीसदी तक बढ़ी हैं, जबकि GNG Electronics ने अपनी औसत बिक्री कीमत (ASP) में करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी की है। कंपनी का फोकस फिलहाल कीमतों में ज्यादा बढ़ोतरी करने के बजाय बिक्री और बाजार में पहुंच बढ़ाने पर है

अपडेटेड Nov 28, 2026 पर 6:48 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यह शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई 776 रुपये से करीब 36 फीसदी गिर चुका है।

टेक्नोलॉजी और AI से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का असर जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों पर पड़ा है। यह शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई 776 रुपये से करीब 36 फीसदी गिर चुका है। अभी इसका भाव 497 रुपये है। हालांकि, इस बीच कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा है। सितंबर तिमाही के कंपनी के नतीजे अच्छे रहे। इससे कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान भी बढ़ा दिया है।

मेमोरी चिप की सप्लाई पर दबाव का फायदा कंपनी को मिल सकता है

दुनियाभर में AI से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते खर्च के कारण मेमोरी चिप की मांग में तेजी आई है। मेमोरी निर्माता कंपनियां AI से जुड़े कारोबार की जरूरतों को प्राथमिकता दे रही हैं। इससे सामान्य PC और लैपटॉप के लिए मेमोरी की उपलब्धता पर दबाव बना हुआ है। इसका फायदा जीएनजी इलेक्ट्रॉनिक्स को मिल सकता है। यह इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार ब्रांड नाम से पुराने लैपटॉप, डेस्कटॉप और आईटी डिवाइस को रिफर्बिश कर बेचती है और किराए पर देती है। यह आईटी से जुड़ी कुछ दूसरी सेवाएं भी देती है।


कीमतें बढ़ाने की जगह बिक्री बढ़ाने पर कंपनी का फोकस 

भारत में नए लैपटॉप की कीमतें सालाना आधार पर 70-80 फीसदी तक बढ़ी हैं, जबकि GNG Electronics ने अपनी औसत बिक्री कीमत (ASP) में करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी की है। कंपनी का फोकस फिलहाल कीमतों में ज्यादा बढ़ोतरी करने के बजाय बिक्री और बाजार में पहुंच बढ़ाने पर है। रिफर्बिश्ड लैपटॉप की कीमत नए लैपटॉप के मुकाबले करीब 30-35 फीसदी रहती है। इससे कम बजट वाले ग्राहकों के बीच इनकी मांग बढ़ने की संभावना है।

सितंबर तिमाही में रेवेन्यू में साल दर साल आधार पर 42 फीसदी इजाफा 

वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 42 फीसदी बढ़ा। इसमें सेल्स वॉल्यूम में 29 फीसदी की बढ़ोतरी का हाथ है। कंपनी ने अपना कारोबार 38 देशों से बढ़ाकर 55 देशों तक पहुंचा दिया है। इसके प्रोक्योरमेंट पार्टनर्स की संख्या 557 से बढ़कर 820 हो गई है। भारत में कारोबार बढ़ाने के लिए कंपनी ने Redington, Ingram Micro और Supertron के साथ डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनरशिप की है। इससे छोटे शहरों में भी इसे अपनी मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिली है।

डेस्कटॉप और सर्वर बिजनेस के विस्तार से रेवेन्यू को मिलेगा सपोर्ट

कंपनी डेस्कटॉप और सर्वर बिजनेस का विस्तार कर रही है। इसके लिए वह अपनी मौजूदा सोर्सिंग और रिफर्बिशमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल कर सकती है। इससे बहुत ज्यादा अतिरिक्त पूंजी खर्च किए बिना कारोबार बढ़ाने का मौका मिलेगा। कंपनी के ग्रॉस मार्जिन में भी सुधार देखने को मिला है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी का ग्रॉस मार्जिन सालाना आधार पर 439 बेसिस पॉइंट बढ़कर 24.9 फीसदी हो गया।

शेयरों में हालिया गिरावट से वैल्यूएशन अट्रैक्टिव लेवल पर 

शेयर में हालिया गिरावट के बाद इसका वैल्यूएशन अट्रैक्टिव हो गया है। GNG Electronics का शेयर वित्त वर्ष 2027-28 के अनुमानित मुनाफे (FY28E Earnings) के मुकाबले करीब 19 गुना P/E पर कारोबार कर रहा है। शेयर के उच्चतम स्तर पर यही वैल्यूएशन करीब 30 गुना था। यानी शेयर का वैल्यूएशन अपने पीक से काफी नीचे आ चुका है। कंपनी की ग्रोथ की संभावनाओं और इंडस्ट्री के अनुकूल माहौल को देखते मौजूदा वैल्यूएशन पर शेयर में निवेश किया जा सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।