KEC इंटरनेशनल लिमिटेड के शेयरों में सोमवार, 30 नवंबर को अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है। कंपनी ने घोषणा की है कि उसे ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन, ट्रांसपोर्टेशन और केबल बिजनेसेज में 1,407 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं। शेयर बाजारों को एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि ये नए ऑर्डर उसे अलग-अलग बिजनेस सेगमेंट में मिले हैं।
ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन (T&D) बिजनेस के तहत अफ्रीका में 220/110/30 kV सबस्टेशंस के ऑर्डर मिले हैं। इसके अलावा, भारत में एक प्राइवेट डेवलपर से 765 kV ट्रांसमिशन लाइन का ऑर्डर मिला है। साथ ही अमेरिका (महाद्वीप) में टावर, हार्डवेयर और पोल की सप्लाई का ऑर्डर भी है। KEC International को ट्रांसपोर्टेशन सेगमेंट में भारत में रेलवे ट्रैक को डबल करने और उससे जुड़े सिविल वर्क के लिए एक बड़ा ऑर्डर मिला है। केबल और कंडक्टर बिजनेस में कंपनी ने भारत और विदेशी बाजारों में कई ऑर्डर हासिल किए हैं।
KEC इंटरनेशनल लिमिटेड के MD और CEO विमल केजरीवाल का कहना है कि T&D सेगमेंट में अफ्रीका से मिला एक बड़ा सबस्टेशन ऑर्डर और पहले से मिले ट्रांसमिशन लाइन ऑर्डर्स ने हमारी ऑर्डर बुक को काफी मजबूत किया है। साथ ही अफ्रीकी बाजार में हमारी मौजूदगी को और पुख्ता किया है। ट्रांसपोर्टेशन सेगमेंट में, हमें पारंपरिक रेलवे क्षेत्र से एक ऑर्डर मिला है। यह बाजार के अवसरों में सुधार का शुरुआती संकेत है। इन नए ऑर्डर्स के साथ कंपनी को साल 2026 की शुरुआत से अब तक लगभग 15,000 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिल चुके हैं।
KEC International का शेयर एक साल में 60 प्रतिशत नीचे
कंपनी का शेयर शुक्रवार, 27 नवंबर को BSE पर 292.65 रुपये पर बंद हुआ था। कंपनी का मार्केट कैप 7800 करोड़ रुपये के करीब है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 3 महीनों में 30 प्रतिशत और एक साल में 60 प्रतिशत नीचे आया है। 2 साल में कीमत 70 प्रतिशत से ज्यादा फिसली है।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में KEC इंटरनेशनल के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 81.6 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। यह घटकर 29.7 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक साल पहले समान तिमाही में 161 करोड़ रुपये था। रेवेन्यू 10.2 प्रतिशत घटकर 5,468 करोड़ रुपये पर आ गया, जो सितंबर 2025 तिमाही में 6,091 करोड़ रुपये था। सितंबर 2026 तिमाही में ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमोर्टाइजेशन से पहले की कमाई (EBITDA) 36.9 प्रतिशत गिरकर 271.4 करोड़ रुपये रह गई। EBITDA मार्जिन 7.06 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत पर आ गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।