सेबी चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने शनिवार को शेयर बाजारों के बारे में कई अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में निवेशकों की भागीदारी बढ़ रही है, जिससे निवेश की प्रक्रिया को आसान बनाना और गैर-जरूरी नियमों को हटाना सेबी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि रेगुलेटर निवेशकों के हितों की सुरक्षा के साथ-साथ बाजार में निवेश और कारोबार को आसान बनाने के लिए कई कदम उठा रहा है।
नियम और प्रक्रिया को आसान बना रहा रेगुलेटर
CNBC-Awaaz के 'Market Mahakumbh' कार्यक्रम में पांडे ने कहा कि लिस्टेड कंपनियों और स्टॉक ब्रोकर्स के लिए नियमों और प्रक्रियाओं को आसान बनाया जा रहा है। इसके तहत सिंगल फाइलिंग सिस्टम शुरू करने, सेटलमेंट की प्रक्रिया तेज करने और लिस्टिंग से जुड़े नियमों को आसान बनाने जैसे कदम उठाए गए हैं।
फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस सेगमेंट को मजबूत बनाना होगा
उन्होंने फ्यूचर एंड ऑप्शंस (F&O) सेगमेंट को और मजबूत बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाजार के किसी सेगमेंट को जबरन बंद करने के बजाय निवेशकों को जागरूक करना और उन्हें सोच-समझकर निवेश के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है।
सबको रेगुलेटरी फ्रेमवर्क के दायरे में रहकर काम करना चाहिए
APL Apollo-Tata Steel डील पर उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में छोटे शेयरधारकों (Minority Shareholders) के हितों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित पक्षों को रेगुलेटरी फ्रेमवर्क के दायरे में रहकर काम करना चाहिए। हाल में हुई इस डील पर कई तरह के सवाल उठे हैं।
शेयर बाजार में निवेशकों की संख्या 7 साल में चार गुनी हुई
SEBI चेयरमैन ने कहा कि शेयर बाजार में लोगों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। भारत में 6,700 से ज्यादा कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं। वहीं, वित्त वर्ष 2018-19 (FY19) के मुकाबले बाजार में यूनिक निवेशकों की संख्या चार गुना हो चुकी है। निवेशकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेगुलेटरी फ्रेमवर्क में भी बदलाव जरूरी है।
निवेशकों की पूंजी बाजार में आसान पहुंच होनी चाहिए
पांडे के मुताबिक, निवेश की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए कि लोगों को अनावश्यक बाधाओं का सामना न करना पड़े और वे आसानी से पूंजी बाजार में निवेश कर सकें। उन्होंने कहा कि निवेश की प्रक्रिया सरल बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इनमें निवेश की न्यूनतम रकम घटाना और रियल एस्टेट तथा इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट्स में निवेश को आसान बनाना शामिल है। पीएमस के जरिए निवेश करने से जुड़े नियमों को भी सरल बनाया गया है।
एआई के इस्तेमाल के साथ डेटा सिक्योरिटी बहुत जरूरी
उन्होंने कहा कि रेगुलेटर मॉनिटरिंग कमेटियों की रिपोर्ट समय पर जमा कराने पर भी जोर दे रहा है। इसके साथ ही कामकाज में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच उन्होंने डेटा सिक्योरिटी को बेहद महत्वपूर्ण बताया। पांडे ने कहा कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ाते समय यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि डेटा की सुरक्षा से कोई समझौता न हो।