सेबी चेयरमैन तुहीन कांत पांडे ने स्टॉक एक्सचेजों के बीच प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग को भी जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि यह इनवेस्टर्स के हित में है। उन्होंने एक्सचेंजों के कामकाज के इस मॉडल को 'कोऑपिटिशन' (Coopetition) बताया। इसका मतलब है कि एक्सचेंज कुछ क्षेत्रों में एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करें, लेकिन जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के मामले में मिलकर काम करें।
प्रतिस्पर्धा और सहयोग दोनों एक साल चलना चाहिए
CNBC-Awaaz के Market Mahakumbh 2026 कार्यक्रम में शनिवार यानी 28 नवंबर को पांडे ने कहा कि भारत में एक्सचेंजों की संरचना इस तरह बनाई गई है कि प्रतिस्पर्धा और सहयोग दोनों साथ-साथ चल सकें। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि जिस तरह हमने एक्सचेंजों की संरचना तैयार की है, उसमें प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग भी शामिल है। दोनों महत्वपूर्ण हैं। हम इसे 'कोऑपिटिशन' कहते हैं।"
एक्सचेंज, डिपॉजिटरी, क्लियरिंग कॉरपोरेशन का जुड़ना जरूरी
SEBI चेयरमैन ने कहा कि नियामकीय व्यवस्था के तहत स्टॉक एक्सचेंज, डिपॉजिटरी और क्लियरिंग कॉरपोरेशन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि निवेशकों को बाजार तक आसानी से पहुंच मिले और उन्हें बेहतर कीमतों का फायदा मिल सके। नियमों के तहत सभी एक्सचेंज, डिपॉजिटरी और क्लियरिंग कॉरपोरेशन को आपस में जोड़ा गया है। इससे निवेशक किसी भी एक्सचेंज के जरिए ट्रेडिंग कर सकते हैं और उन्हें प्रतिस्पर्धी प्राइसिंग का लाभ मिल सकता है।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए एक्सचेंजों के बीच तालमेल जरूरी
उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था में एक्सचेंज पूरी तरह स्वतंत्र होकर काम नहीं कर सकते। उन्हें कई स्तरों पर एक-दूसरे के साथ सहयोग करना होगा। इसके लिए साझा प्लेटफॉर्म और नेटवर्क तैयार करना भी जरूरी है। पांडे ने कहा कि बाजार में कारोबार को आसान बनाने (Ease of Doing Business) से जुड़े कदमों को लागू करने के लिए भी एक्सचेंजों के बीच तालमेल जरूरी है। इसके लिए एक व्यापक नेटवर्क तैयार करना होगा, जिससे बाजार के अलग-अलग संस्थान बेहतर तरीके से काम कर सकें।
किसी एक एक्सचेंज पर निर्भर नहीं रह सकता बाजार
SEBI चेयरमैन ने बाजार के इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर यह भी कहा कि पूरी व्यवस्था किसी एक एक्सचेंज पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। बाजार के तकनीकी और नेटवर्क सिस्टम को इस तरह तैयार करना जरूरी है कि किसी भी तरह के जोखिम या व्यवधान की स्थिति में कारोबार प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि बाजार में किसी एक एक्सचेंज का पूर्ण एकाधिकार नहीं है और इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बनाई गई है। इसके बावजूद बाजार के टेक्नोलॉजी और नेटवर्क सिस्टम की संरचना पर लगातार विचार करते रहना जरूरी है, ताकि किसी भी जोखिम से निपटा जा सके।
'कोऑपिटिशन' का मतलब क्या होता है
कोऑपिटिशन दो शब्दों Competition (प्रतिस्पर्धा) और Cooperation (सहयोग) से मिलकर बना है। इसका मतलब है कि कंपनियां या संस्थान कारोबार के कुछ क्षेत्रों में एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करते हैं, लेकिन साझा हितों और जरूरी सुविधाओं के लिए मिलकर काम भी करते हैं। शेयर बाजार में इसका मकसद निवेशकों को बेहतर सेवाएं, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रतिस्पर्धी कीमतें उपलब्ध कराना है। यह इनवेस्टर्स के हित में है।