भारतीय वित्तीय बाजारों में नवंबर में तेजी लौटी, 2027 में घरेलू वृद्धि पर निर्भर करेगा प्रदर्शन: HSBC

रिपोर्ट के अनुसार सेंसेक्स में नवंबर में अब तक करीब 13 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। वहीं, रुपया मजबूत होकर 8 महीने के उच्चतम स्तर पर है। अभी भी कुछ जोखिम बने हुए हैं। जैसे कि भू-राजनीतिक तनाव फिर से बढ़ने की संभावना, तेल की कीमतें ऊपर जा सकना, ग्लोबल टेक्नोलॉजी शेयरों में फिर से उतार-चढ़ाव

अपडेटेड Nov 28, 2026 पर 2:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
भारत अब जोखिम से बचने के बजाय जोखिम लेने की स्थिति में आ गया है।

भारतीय वित्तीय बाजारों में नवंबर के दौरान व्यापक सुधार देखने को मिला। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, वैश्विक स्तर पर आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में कमजोरी और विदेशी निवेशकों की ओर से फिर से निवेश आने से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। HSBC ग्लोबल इनवेस्टमेंट रिसर्च ने यह बात कही है। इस सुधार के साथ भारतीय बाजारों ने अन्य उभरते बाजारों के मुकाबले पिछले कुछ महीनों के कमजोर प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है। शेयर, रुपया और सरकारी बॉन्ड सभी में तेजी आई है, जो मार्केट सेंटिमेंट के जोखिम से बचने के बजाय जोखिम लेने की प्रवृत्ति की ओर शिफ्ट होने का संकेत है।

HSBC के मुताबिक, इस तेजी को 2027 तक बनाए रखने के लिए घरेलू आर्थिक वृद्धि की उम्मीदों में मजबूती और बैंकिंग सिस्टम में नकदी की उपलब्धता बढ़ना जरूरी होगा। सिस्टम में नकदी सीमित बनी रह सकती है, क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बढ़ती महंगाई के बीच अपनी मौद्रिक नीति को सख्त कर रहा है।

HSBC ने कहा, ''भारत अब जोखिम से बचने के बजाय जोखिम लेने की स्थिति में आ गया है। भारतीय बाजार 2026 के अधिकतर समय में उभरते बाजारों के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन नवंबर में स्थिति बदल गई। इस दौरान भारतीय बाजारों ने शेयर, विदेशी मुद्रा और ब्याज दरों के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन किया।''


नवंबर में 13 प्रतिशत बढ़ा सेंसेक्स

रिपोर्ट के अनुसार सेंसेक्स में नवंबर में अब तक करीब 13 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। वहीं, रुपया मजबूत होकर 8 महीने के उच्चतम स्तर पर है। इसके अलावा 10 साल के बेंचमार्क सरकारी बॉन्ड पर यील्ड में करीब 20 बेसिस पॉइंट्स की गिरावट आई। बॉन्ड यील्ड में गिरावट को उनकी कीमतों में तेजी का संकेत माना जाता है। शेयर, मुद्रा और बॉन्ड बाजारों में एक साथ सुधार और शेयर व ऋण बाजारों के रिटर्न के बीच सकारात्मक संबंध व्यापक स्तर पर निवेशकों की जोखिम लेने की बढ़ती इच्छा को दर्शाता है।

रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर में विदेशी निवेशकों की वापसी बाजार में तेजी का एक प्रमुख कारण रही है। पिछले कुछ वर्षों में घरेलू निवेशकों ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की बिकवाली के असर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

Zee Entertainment का ₹600 करोड़ का शेयर बायबैक 1 दिसंबर से, कौन से शेयरहोल्डर ले सकेंगे हिस्सा?

आगे अच्छे प्रदर्शन के लिए क्या जरूरी

हालांकि, HSBC ने चेतावनी दी है कि आने वाले साल में भारत के बाजार के प्रदर्शन को बरकरार रखने के लिए केवल बाहरी कारक काफी नहीं हो सकते हैं। अगर मौजूदा अनुकूल स्थितियां बनी रहती हैं, तो इक्विटी में आगे बढ़ने की काफी गुंजाइश है। HSBC के अनुसार, बैंकिंग सेक्टर में लिक्विडिटी (नकदी की उपलब्धता) और संभावित आर्थिक विकास की उम्मीदें, ऐसे दो मुख्य घरेलू कारक हैं जिनमें सुधार होना जरूरी है।

चूंकि RBI बढ़ती महंगाई को काबू करने के लिए अपनी मौद्रिक नीति (मॉनेटरी पॉलिसी) को सख्त कर रहा है, इसलिए बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी पर दबाव बना रह सकता है, जिससे फंड की उपलब्धता सीमित हो सकती है। ऐसे में निवेशकों के रिटर्न को बनाए रखने के लिए आर्थिक विकास की मजबूत उम्मीदें और भी महत्वपूर्ण हो जाएंगी। HSBC के मुताबिक, अभी भी कुछ जोखिम बने हुए हैं। जैसे कि भू-राजनीतिक तनाव फिर से बढ़ने की संभावना, तेल की कीमतें ऊपर जा सकना, ग्लोबल टेक्नोलॉजी शेयरों में फिर से उतार-चढ़ाव।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।