शेयर बाजार में तेजी जारी रहने की संभावना है। इसकी एक बड़ी वजह लार्जकैप शेयरों का आकर्षक वैल्यूएशन है। नॉर्नोलिया फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर (CIO) शैलेंद्र कुमार का ऐसा मानना है। मनीकंट्रोल को दिए इंटरव्यू में कुमार ने कहा कि लार्जकैप शेयरों का वैल्यूएशन अभी अट्रैक्टिव है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेजी लौटने में लगेगा समय
कुमार के मुताबिक, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों को लार्जकैप के मुकाबले फिर से बेहतर प्रदर्शन करने में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है। इसकी वजह इन शेयरों का अपेक्षाकृत महंगा वैल्यूएशन है। उन्होंने कहा कि सितंबर तिमाही (Q2FY27) में स्मॉलकैप और लार्जकैप कंपनियों की कमाई की ग्रोथ के बीच का अंतर काफी कम हुआ है। इसके बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों का वैल्यूएशन ज्यादा बना हुआ है।
उनका मानना है कि भारतीय कंपनियों की कमाई मजबूती बनी हुई है। पिछले साल GST में कटौती के बाद खपत में आई रिकवरी और सरकारी व निजी क्षेत्र के पूंजीगत खर्च में तेजी से कंपनियों को फायदा मिला है। उनके मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 और 2026 में निफ्टी 50 कंपनियों की कमाई की ग्रोथ सिंगल डिजिट के मध्य स्तर पर सीमित थी। लेकिन Q4FY26 से इसमें सुधार आया और ग्रोथ लगातार सालाना आधार पर करीब 20 फीसदी के स्तर की ओर बढ़ी है।
ऑटो कंपोनेंट्स, प्रिसिजन इंजीनियरिंग, हेल्थकेयर सर्विसेज सेक्टर में बनेगा पैसा
उन्होंने कहा कि बाजार में मौजूदा तेजी कितनी टिकाऊ होगी, यह अंततः कंपनियों की कमाई की ग्रोथ पर निर्भर करेगा। उन्होने ऑटो कंपोनेंट्स, प्रिसिजन इंजीनियरिंग, हेल्थकेयर सर्विसेज, इंश्योरेंस, कैपिटल मार्केट्स और बैंकिंग सेक्टर को निवेश के लिहाज से अट्रैक्टिव बताया। उनका मानना है कि इन सेक्टरों की कई कंपनियों के ग्लोबल कंपनियां बनने की क्षमता है।
महंगाई को लेकर अनिश्चितता की वजह से FMCG शेयरों पर सतर्क रुख
FMCG सेक्टर के बारे में शैलेंद्र कुमार ने कहा कि अक्टूबर में निफ्टी FMCG इंडेक्स का ट्रेलिंग 12 महीने का P/E करीब 30 गुना था। यह लगभग 15 साल का सबसे निचला वैल्यूएशन स्तर है। हालांकि, हाल में FMCG शेयरों में करीब 20 फीसदी की तेजी आई है, लेकिन महंगाई को लेकर अनिश्चितता के कारण वह इस सेक्टर पर फिलहाल पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं। उनके मुताबिक, सेक्टर को निचले स्तर से उबरने में अभी समय लग सकता है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।