बुलेट बाइक बनाने वाली रॉयल एनफील्ड की पेरेंट कंपनी आयशर मोटर्स के शेयरों में 10 अप्रैल को दिन में 4 प्रतिशत की तेजी दिखी। BSE पर शेयर की कीमत 7435 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 7421.25 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल कंपनी ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Flying Flea C6 लॉन्च की है। यह 10 अप्रैल से बेंगलुरु के जयनगर में पहले Flying Flea स्टोर पर उपलब्ध होगी। डिलीवरी मई 2026 के आखिर में शुरू होने की उम्मीद है। यह स्टॉर्म ब्लैक और फ्ली ग्रीन रंगों में उपलब्ध है।
कंपनी के बयान के मुताबिक, इस इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपये है। वहीं बैटरी एज ए सर्विस मामले में कीमत 1.99 लाख रुपये है। FF.C6 की टॉप स्पीड 115 km/h है। बैटरी 3.91 kWh की है और व्हील टॉर्क 400 Nm से ज्यादा है। मोटरसाइकिल का वजन 124 किलोग्राम है। इसमें TFT डिस्प्ले, राइड मोड्स, लीन-एंगल ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल, लाइव लोकेशन शेयरिंग, WiFi, ब्लूटूथ, 4G, रिमोट मॉनिटरिंग जैसे फीचर हैं। FF.C6 हर मिनट पर लगभग 1 प्रतिशत चार्ज हो सकती है। चार्जिंग के लिए रैपिड, स्टैंडर्ड और ट्रिकल ऑप्शन हैं। फुली चार्ज होने पर यह मोटरसाइकिल 154 किलोमीटर तक जा सकती है।
Flying Flea C6 पर नोमुरा के तर्क
ब्रोकरेज फर्म नोमुरा Eicher Motors के स्टॉक पर 'न्यूट्रल' है। टारगेट प्राइस 7,827 रुपये प्रति शेयर दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि Flying Flea C6 में कई नए फीचर्स हैं, लेकिन इसमें और सुधार की जरूरत हो सकती है। प्रोडक्ट को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए इसकी बैटरी, चार्जिंग और कंफर्ट को और बेहतर बनाने की जरूरत है। आयशर मोटर्स के शेयर को कवर करने वाले 40 एनालिस्ट्स में से 27 ने इसे 'बाय' रेटिंग दी है। 9 ने इसे 'होल्ड' और 4 ने इसे 'सेल' रेटिंग दी है।
Eicher Motors का शेयर एक साल में 40 प्रतिशत मजबूत
कंपनी का मार्केट कैप 2 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है। शेयर एक साल में 40 प्रतिशत और 3 साल में लगभग 150 प्रतिशत चढ़ा है। एक सप्ताह में कीमत 11 प्रतिशत भागी है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 49.06 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। आयशर मोटर्स का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 5,987.83 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 1,289.99 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 में रेवेन्यू 18,451.46 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 4,279.26 करोड़ रुपये रहा। आयशर मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स भी बनाती है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।