विमानन कंपनी स्पाइसजेट (SpiceJet) के शेयरों में 10 अप्रैल को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी है। शेयर में लगातार तीसरे दिन 5 प्रतिशत बढ़त के साथ अपर सर्किट लगा है। BSE पर कीमत 12.27 रुपये हो गई है। कंपनी का मार्केट कैप 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। हालांकि एक निगेटिव खबर की वजह से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में स्पाइसजेट के शेयर में गिरावट आई थी लेकिन फिर शेयर ने रिकवरी की।
खबर यह है कि UK के एक कोर्ट ने स्पाइसजेट को 3 इंजनों के लिए बकाया किराए और रखरखाव शुल्क के मद में विमान इंजन लीज पर देने वाली एक कंपनी को लगभग 80 लाख डॉलर का भुगतान करने का आदेश दिया है। लंदन की कमर्शियल कोर्ट ने बुधवार को Sunbird France 02 SAS के पक्ष में एक समरी जजमेंट दिया। यह फैसला बकाया किराए और मेंटेनेंस के पैसों के मामले में आया, जिसमें कोर्ट ने पाया कि स्पाइसजेट के पास बचाव का कोई ठोस आधार नहीं था।
यह बकाया जनवरी 2022 से न चुकाए गए किराए और नवंबर 2020 से न दिए गए मेंटेनेंस चार्ज से जुड़ा है। विमान इंजन लीज पर देने वाली कंपनी ने जुलाई 2022 में डिफॉल्ट नोटिस जारी किए थे और 2022 के आखिर से 2023 के बीच 3 इंजन वापस ले लिए थे। UK कोर्ट के फैसले के बाद अनुमान है कि यह कंपनी दिल्ली हाई कोर्ट में जाएगी और UK कोर्ट के आदेश को लागू करवाने की मांग करेगी। इससे स्पाइसजेट पर वित्तीय दबाव और बढ़ सकता है।
SpiceJet का शेयर 3 महीनों में 55 प्रतिशत कमजोर
स्पाइसजेट के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। कंपनी का शेयर एक साल में 70 प्रतिशत, 6 महीनों में 65 प्रतिशत और 3 महीनों में 55 प्रतिशत नीचे आया है। वहीं एक सप्ताह में इसने 19 प्रतिशत की तेजी देखी है। शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 56.80 रुपये और एडजस्टेड लो 9.53 रुपये है। इस साल फरवरी महीने में स्पाइसजेट में ब्लॉक डील के जरिए करीब 8.4 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी का लेनदेन हुआ था।
अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी ने स्टैंडअलोन बेसिस पर 269.27 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया। एक साल पहले इसने 24.97 करोड़ रुपये का प्रॉफिट बिफोर टैक्स देखा था। तिमाही के दौरान स्पाइसजेट की कुल इनकम घटकर 1,522.81 करोड़ रुपये रह गई, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 1,650.67 करोड़ रुपये थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।