Eicher Motors Share Price: रॉयल एनफील्ड की पेरेंट का शेयर 6% उछला, Q4 नतीजों के बाद अब क्या स्ट्रैटेजी रहेगी सही

Eicher Motors Share Price: तिमाही नतीजे सामने आने के बाद ब्रोकरेज फर्मों ने आयशर मोटर्स के स्टॉक के लिए अपने टारगेट प्राइस बढ़ा दिए हैं। शेयर को कवर करने वाले 41 एनालिस्ट्स में से 29 ने 'बाय' रेटिंग दी है। मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 11.58 प्रतिशत बढ़ गया

अपडेटेड May 25, 2026 पर 4:03 PM
Eicher Motors ने शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद तिमाही नतीजे जारी किए थे।

बुलेट बाइक बनाने वाली रॉयल एनफील्ड की पेरेंट कंपनी आयशर मोटर्स के शेयरों में 25 मई को दिन में 6.4 प्रतिशत तक की बढ़त दिखाई दी। BSE पर शेयर 7434.95 रुपये के हाई तक गया। बाद में यह 7413.40 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये के पार चला गया है। कंपनी ने शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद तिमाही नतीजे जारी किए थे। डिविडेंड का भी ऐलान किया था। इस पर बाजार ने सोमवार को प्रतिक्रिया दी।

जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में आयशर मोटर्स का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 11.58 प्रतिशत बढ़कर 1,519.95 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले मुनाफा 1,362.15 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 6,080.09 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 5,241.11 करोड़ रुपये था।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में, आयशर मोटर्स का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 16.5 प्रतिशत बढ़कर 5,515.23 करोड़ रुपये हो गया। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 23,407.56 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। आयशर मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स भी बनाती है। मार्च 2026 तिमाही में रॉयल एनफील्ड की बिक्री 3,13,811 मोटरसाइकिलों की रही। वहीं वित्त वर्ष 2026 में बिक्री रिकॉर्ड 12 लाख यूनिट्स की रही। यह लगातार दूसरा साल रहा, जब सालाना बिक्री 10 लाख यूनिट्स के पार गई।


Eicher Motors पर ब्रोकरेज की राय

तिमाही नतीजे सामने आने के बाद ब्रोकरेज फर्मों ने आयशर मोटर्स के स्टॉक के लिए अपने टारगेट प्राइस बढ़ा दिए हैं और 'बाय' रेटिंग दी है। शेयर को कवर करने वाले 41 एनालिस्ट्स में से 29 ने 'बाय' रेटिंग दी है। 8 ने 'होल्ड' और 4 ने 'सेल' रेटिंग दी है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म CLSA ने शेयर के लिए 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग दी है। टारगेट प्राइस 7,651 रुपये प्रति शेयर रखा है। ब्रोकरेज ने कहा कि Royal Enfield ब्राउनफील्ड और ग्रीनफील्ड विस्तार के जरिए अपनी क्षमता बढ़ा रही है। उम्मीद है कि 350 cc+ सेगमेंट में मजबूत मांग के दम पर कंपनी की वॉल्यूम ग्रोथ, इंडस्ट्री की वॉल्यूम ग्रोथ को पीछे छोड़ देगी। FY26-28 में वॉल्यूम 12% CAGR की रफ्तार से बढ़ेगा।

गोल्डमैन सैक्स ने इस स्टॉक के लिए 8,400 रुपये का टारगेट प्राइस और 'बाय' रेटिंग तय की है। अप्रैल में कंपनी ने कीमतों में जो 175 bps की बढ़ोतरी की, उससे कमोडिटी की कीमतों में बढ़ोतरी के असर के 50% तक की भरपाई हो सकती है। इससे ज्यादा भरपाई की गुंजाइश भी है। HSBC ने आयशर मोटर्स के शेयर के लिए 8,200 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। कहा कि इंडस्ट्री के मुकाबले ज्यादा मजबूत ग्रोथ की राह इस स्टॉक के लिए प्रीमियम वैल्यूएशन को सही ठहराती है।

मैनेजमेंट को उम्मीद है कि एक्सपोर्ट और घरेलू बाजारों में मांग की रफ्तार बनी रहेगी। हालांकि, महंगाई नजदीकी भविष्य में एक चुनौती बनी रहेगी। Citi ने स्टॉक के लिए 8,350 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है और कहा कि मार्च 2026 तिमाही के नतीजे अनुमानों से थोड़े बेहतर रहे।

पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में शानदार तेजी, BPCL 6% तक उछला; क्रूड में राहत से पेंट, टायर, एयरलाइन स्टॉक्स में भी अच्छी खरीद

देगी 82 रुपये का डिविडेंड

आयशर मोटर्स के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 82 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने पर डिविडेंड का पेमेंट 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 70 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।