Eternal Share Price: नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच सकता है इटनरल, मोतीलाल ओसवाल ने दिया 34% तेजी का अनुमान

Eternal Share Price: मोतीलाल ओसवाल ने Eternal पर 380 रुपये का टारगेट देते हुए 34% तेजी की संभावना जताई है। ब्रोकरेज का भरोसा Blinkit, फूड डिलीवरी और District बिजनेस की मजबूत ग्रोथ पर है। जानिए क्यों स्टॉक नए रिकॉर्ड हाई तक पहुंच सकता है।

अपडेटेड Jul 07, 2026 पर 3:33 PM
ternal का शेयर मंगलवार को करीब 2.08% की बढ़त के साथ 289.30 रुपये पर बंद हुआ।

Eternal Share Price: फूड टेक कंपनी Eternal Ltd के शेयर मंगलवार को फोकस में रहे। इसकी वजह ब्रोकरेज Motilal Oswal की नई रिपोर्ट है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है और 380 रुपये का टारगेट दिया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 34% की तेजी का संकेत देता है। खास बात यह है कि यह टारगेट शेयर के अब तक के 368 रुपये के रिकॉर्ड हाई से भी ऊपर है।

तीन कारोबार पर जताया भरोसा

मोतीलाल ओसवाल ने Eternal के तीन बड़े कारोबार का एनालिसिस किया है। पहला फूड डिलीवरी, दूसरा क्विक कॉमर्स (Blinkit) और तीसरा District (Going Out Business)।


ब्रोकरेज का कहना है कि फूड डिलीवरी कारोबार लगातार सुधर रहा है। Blinkit में प्रतिस्पर्धा बढ़ने के बावजूद ग्रोथ बनी हुई है। वहीं District अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन इसमें लंबी अवधि की अच्छी संभावनाएं हैं।

1 अरब डॉलर EBITDA का लक्ष्य

Eternal ने FY29 तक पूरे कारोबार से 1 अरब डॉलर का एडजस्टेड EBITDA हासिल करने का लक्ष्य रखा है।

मोतीलाल ओसवाल का अनुमान है कि इसमें करीब 50 करोड़ डॉलर Blinkit से आएंगे। 42.5 करोड़ डॉलर फूड डिलीवरी बिजनेस से मिल सकते हैं। बाकी योगदान District और Hyperpure जैसे कारोबार से आने की उम्मीद है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि कंपनी का PAT Margin FY27 में 2.5% और FY28 में 3% रह सकता है।

फूड डिलीवरी कारोबार में लगातार सुधार

मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक, FY26 में फूड डिलीवरी बिजनेस का नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) 16% बढ़ा। पिछले तीन तिमाहियों से इसमें लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी ने Gold मेंबर के लिए न्यूनतम ऑर्डर वैल्यू घटाई है। साथ ही कम कीमत वाले ग्राहकों पर भी ज्यादा फोकस किया है। प्लेटफॉर्म फीस बढ़ने से प्रति ऑर्डर कमाई भी बेहतर हुई है।

पहली तिमाही में मोतीलाल ओसवाल को NOV में 19.7% की ग्रोथ, 21.5% टेक रेट और 6.1% एडजस्टेड EBITDA मार्जिन की उम्मीद है। ब्रोकरेज का मानना है कि भारत में फूड डिलीवरी का बाजार अब भी दो बड़ी कंपनियों के बीच सीमित है। FY27 और FY28 में NOV करीब 20% की सालाना रफ्तार से बढ़ सकता है।

Blinkit की रफ्तार रहेगी बरकरार

ब्रोकरेज का कहना है कि क्विक कॉमर्स में प्रतिस्पर्धा काफी तेज है। कंपनियां कीमत, ऑफर और कम न्यूनतम ऑर्डर वैल्यू के दम पर ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इसके बावजूद Blinkit अब एडजस्टेड EBITDA ब्रेक-ईवन हासिल कर चुका है। पुराने बाजारों में EBITDA Margin 5% से 6% तक पहुंच गया है।

मार्च तिमाही के अंत तक Blinkit के 2,243 स्टोर थे। कंपनी का लक्ष्य अगले साल मार्च तक 3,000 स्टोर खोलने का है। मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि इस वित्त वर्ष Blinkit की ग्रोथ करीब 70% रह सकती है। पहले के मुकाबले यह रफ्तार थोड़ी कम होगी, लेकिन इसे सामान्य स्थिति माना जा रहा है। ब्रोकरेज का मानना है कि इससे मुनाफे का रास्ता और साफ होगा।

District पर भी बड़ा दांव

Motilal Oswal का कहना है कि District अभी शुरुआती चरण में है। लेकिन भारत में लाइव इवेंट्स का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। ब्रोकरेज के मुताबिक, देश का लाइव इवेंट्स बाजार 20,000 से 22,000 करोड़ रुपये का हो चुका है। इसमें हर साल 18% से 20% की ग्रोथ हो रही है। कुल रेवेन्यू में टिकटिंग की हिस्सेदारी 50% से 60% है।

रिपोर्ट के मुताबिक, शहरी Gen Z और Millennials में से करीब 70% लोग हर साल कम से कम एक लाइव इवेंट में शामिल होते हैं। बड़े इवेंट्स में टिकट महंगे होने के बावजूद 85% से 90% सीटें भर जाती हैं। ब्रोकरेज का मानना है कि जैसे-जैसे Eternal अपने कारोबार को फूड और क्विक कॉमर्स से आगे बढ़ाएगा, District एक बड़ा ग्रोथ इंजन बन सकता है। FY30 तक यह कारोबार 12.5 करोड़ डॉलर EBITDA का योगदान दे सकता है।

ज्यादातर ब्रोकरेज की बाय रेटिंग

Eternal को कवर करने वाले 34 एनालिस्ट में से 31 ने स्टॉक पर 'Buy' रेटिंग दी है। वहीं, सिर्फ 3 एनालिस्ट ने 'Sell' की सलाह दी है। Eternal का शेयर मंगलवार को करीब 2.08% की बढ़त के साथ 289.30 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक महीने में यह शेयर करीब 17% चढ़ चुका है। इस बढ़त के साथ साल 2026 में भी इसका रिटर्न अब पॉजिटिव हो गया है।

जेफरीज ने बताई NSE की एक खास खूबी, 4% टूट गए BSE और MCX के शेयर

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।