Tata Sons का IPO प्लान और चंद्रशेखरन की री-अपॉइंटमेंट पर कल बड़ा फैसला! नोएल टाटा के विरोध के बीच समझें पूरा खेल

Tata Sons Board Meet: 30 नवंबर 2026 को होने वाली टाटा संस की बोर्ड मीटिंग पर पूरे कॉर्पोरेट जगत की नजरें टिकी हैं। इस बैठक में तीन बड़े एजेंडा संभावित IPO का छह महीने का रोडमैप, चेयरमैन पद पर एन चंद्रशेखरन के बने रहने के लिए शेयरधारकों की बैठक बुलाने और एयर इंडिया, तेजस नेटवर्क्स व एग्राटास में नई पूंजी डालने पर मुहर लग सकती है। वैसे नोएल टाटा के विरोध, हाईकोर्ट में चल रहे केस और कोरम के पेंच ने इस मीटिंग को बेहद पेचीदा बना दिया है

अपडेटेड Nov 29, 2026 पर 1:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
27 नवंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मीटिंग पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था

Tata Sons Board Meet: टाटा संस की 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक में तीन बड़े फैसलों पर मुहर लगने की उम्मीद है। इनमें कंपनी के संभावित IPO के लिए छह महीने का रोडमैप, चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के कार्यकाल को आगे बढ़ाने के लिए शेयरधारकों की असाधारण आम बैठक (EGM) बुलाना और एयर इंडिया, तेजस नेटवर्क्स व एग्राटास जैसी ग्रुप कंपनियों में नई इक्विटी पूंजी डालना शामिल है।

वैसे इन तीनों प्रस्तावों की राह आसान नहीं है। बोर्ड के भीतर चल रहे मतभेद, चंद्रशेखरन की री-अपॉइंटमेंट को लेकर कोर्ट में जारी कानूनी लड़ाई और कोरम की तकनीकी अड़चनों ने इस बैठक को काफी संवेदनशील बना दिया है। 27 नवंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मीटिंग पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था, लेकिन यह शर्त भी जोड़ दी कि बैठक के फैसले कोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन रहेंगे।

इससे पहले 26 नवंबर को होने वाली यह बैठक टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की आपत्ति के बाद टालनी पड़ी थी, क्योंकि उनका कहना था कि निदेशकों को नोटिस के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया।


1. IPO रोडमैप: RBI की सख्ती बनाम नोएल टाटा का विरोध

मीटिंग का सबसे अहम मुद्दा टाटा संस की लिस्टिंग है, जिस पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का दबाव लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय बैंक ने सितंबर में कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी का रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने की टाटा संस की अर्जी खारिज कर दी थी। इसके बाद नवंबर में RBI ने फिर साफ किया कि अपर-लेयर NBFC होने के नाते टाटा संस को लिस्टिंग समेत सभी नियमों का पालन करना ही होगा।

बोर्ड के सामने छह महीने का जो रोडमैप रखा जा रहा है, उसके तहत शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के 90 दिनों के भीतर सेबी के पास ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया जाएगा और कुल 180 दिनों में लिस्टिंग की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके लिए टाटा संस को प्राइवेट लिमिटेड से पब्लिक कंपनी में बदलने और इसके आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन में संशोधन करने पर भी विचार होगा।

नोएल टाटा का 'प्लान-B'

लिस्टिंग के रास्ते में सबसे बड़ी रुकावट खुद नोएल टाटा हैं। उनका मानना है कि IPO लाने से पहले कंपनी को रिस्ट्रक्चरिंग के दूसरे विकल्पों पर गौर करना चाहिए। उन्होंने मार्च 2024 के बोर्ड फैसले का हवाला दिया है, जिसमें कर्ज चुकाने, पब्लिक फंड न लेने और RBI रजिस्ट्रेशन रद्द कराने की बात तय हुई थी। नोएल टाटा का सुझाव है कि टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स सॉल्यूशंस और टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स का टाटा संस में विलय कर दिया जाए। इससे कंपनी का नियामकीय ढांचा बदल जाएगा और वह प्राइवेट कंपनी बनी रह सकेगी।

चंद्रशेखरन और बोर्ड के कई अन्य सदस्य RBI के निर्देशों के मुताबिक आगे बढ़ने के पक्ष में हैं। यह टकराव इसलिए भी बड़ा है क्योंकि टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की करीब 66% हिस्सेदारी है, जबकि शापूरजी पल्लोंजी ग्रुप के पास लगभग 18% शेयर हैं। अगर IPO आता है, तो शापूरजी पल्लोंजी ग्रुप को अपनी हिस्सेदारी बेचकर नकदी जुटाने का बड़ा रास्ता मिल जाएगा।

2. चंद्रशेखरन का तीसरा कार्यकाल: कोर्ट और कोरम का दोहरा पेंच

बैठक का दूसरा बड़ा एजेंडा फरवरी 2027 से शुरू होने वाले एन चंद्रशेखरन के तीसरे पांच वर्षीय कार्यकाल के लिए शेयरधारकों की मंजूरी लेने हेतु EGM बुलाना है। 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग में नोएल टाटा के विरोध के बावजूद चंद्रशेखरन के तीसरे कार्यकाल को मंजूरी दी गई थी। उस बैठक में ट्रस्ट-नामित निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसके बाद कार्यवाहक चेयरमैन हरीश मनवानी ने अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल कर चंद्रशेखरन के पक्ष में फैसला सुनाया।

सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आर.डी. टाटा ट्रस्ट ने इसे बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए कहा है कि कास्टिंग वोट ट्रस्ट-नामित निदेशकों की सहमति की शर्त को दरकिनार नहीं कर सकता।

ट्रस्ट्स ने मांग की थी कि अगर 30 नवंबर की बैठक में लिस्टिंग या EGM जैसे अहम प्रस्तावों पर ट्रस्टियों की एकमत राय न बने, तो कास्टिंग वोट के इस्तेमाल पर रोक लगाई जाए। हाईकोर्ट ने फिलहाल कोई अंतरिम रोक नहीं लगाई है, लेकिन इस मामले पर 21 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई होगी। नोएल टाटा ने सवाल उठाया है कि जिस री-अपॉइंटमेंट की कानूनी वैधता पर कोर्ट में सुनवाई चल रही है, उसे EGM में ले जाकर कैसे वैध ठहराया जा सकता है।

कोरम पूरा करने की चुनौती

सबसे बड़ा व्यावहारिक सवाल यह है कि टाटा संस EGM बुलाएगी कैसे? कोरम पूरा न होने के कारण कंपनी अगस्त में अपनी सालाना आम बैठक (AGM) भी नहीं कर पाई थी, जिसके बाद रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (RoC) ने डेडलाइन बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 की है। नियमों के मुताबिक, शेयरधारकों की बैठक के लिए सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के संयुक्त प्रतिनिधियों की मौजूदगी जरूरी है। लेकिन महाराष्ट्र चैरिटी कमिश्नर के पास चल रहे मामले की पाबंदियों की वजह से सर रतन टाटा ट्रस्ट प्रतिनिधि तय नहीं कर पा रहा है।

नोएल टाटा ने इस पर भी आपत्ति जताई है कि जब डायरेक्टर के तौर पर चंद्रशेखरन के बने रहने पर ही शेयरधारकों की मुहर नहीं लगी है, तो चेयरमैन पद की री-अपॉइंटमेंट का प्रस्ताव EGM में क्यों लाया जा रहा है।

3. एयर इंडिया समेत ग्रुप कंपनियों में नई पूंजी

इन दो बड़े विवादित मुद्दों के अलावा बोर्ड बैठक में एयर इंडिया, तेजस नेटवर्क्स और एग्राटास जैसी ग्रुप कंपनियों की फंडिंग जरूरतों पर भी फैसला होगा। टाटा संस इन कंपनियों के विस्तार और कामकाज को रफ्तार देने के लिए इनमें नई इक्विटी पूंजी डालने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।