Exicom Tele-Systems IPO Listing: ईवी चार्जर्स बनाने वाली एग्जिकॉम टेली-सिस्टम्स (Exicom Tele-Systems) के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में शानदार एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों को तगड़ा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 133 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 142 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी 264 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 85 फीसदी से अधिक लिस्टिंग गेन (Exicom Tele-Systems Listing Gain) मिला। हालांकि लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह 274.30 रुपये (Exicom Tele-Systems Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 93 फीसदी मुनाफे में हैं।
Exicom Tele-Systems IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
एग्जिकॉम टेली-सिस्टम्स का 429 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 27-29 फरवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 133.56 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 124.82 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 159.29 गुना और खुदरा निवेशकों का आरक्षित हिस्सा 124.27 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 2,31,69,014 नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 70,42,200 शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री हुई है। ऑफर फॉर सेल का पैसा को शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी प्रोडक्शन/असेंबली लाइन्स के सेटअप, कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, आरएंडडी में निवेश और प्रोडक्ट डेवलपमेंट, और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
वर्ष 1994 में बनी एग्जिकॉम टेली-सिस्टम्स पावर सिस्टम, इलेक्ट्रिक वीईकल (EV) चार्जिंग और इससे जुड़े सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। इसका बिजनेस दो वर्टिकल्स- पावर सिस्टम्स और ईवी चार्जिंग सॉल्यूशंस में फैला हुआ है। सितंबर 2023 तक के आंकड़ों के हिसाब से कंपनी देश के 400 लोकेशंस पर 61 हजार से अधिक ईवी चार्जर्स इंस्टॉल कर चुकी है। इसके अलावा टेलीकॉम सेक्टर में 4,70, 810 लीथियम-ऑयन बैट्रीज तैनात कर चुकी है जो 2.10 गीगावॉट घंटे की क्षमता के बराबर है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।
वित्त वर्ष 2021 में इसे 3.45 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में बढ़कर 5.14 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में 6.37 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान उतार-चढ़ाव के साथ कंपनी का रेवेन्यू सालाना 17 फीसदी से अधिक की चक्रवद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 723.40 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2023 में इसे 27.46 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 467.21 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।