Stock market : भारी उठापटक के बीच 25 मार्च को बाजार सपाट बंद हुआ है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 32.81 अंक या 0.04 फीसदी बढ़कर 78,017.19 पर और निफ्टी 10.30 अंक या 0.04 फीसदी बढ़कर 23,668.65 पर बंद हुआ है। आज बेंचमार्क इंडेक्सों में ऊपरी स्तरों पर कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली। सेक्टोरल इंडेक्सों में आईटी इंडेक्स सबसे अधिक फायदे में रहा, जिसमें लगभग 1 फीसदी की बढ़त हुई। जबकि डिफेंस और पीएसयू बैंक इंडेक्सों में मुनाफावसूली रही। दोनों में लगभग 2 फीसदी की गिरावट आई। तकनीकी रूप से देखें तो डेली चार्ट पर, एक शूटिंग स्टार जैसा फॉर्मेंशन हुआ है,जो वर्तमान स्तरों से कुछ करेक्शन आने का संकेत है।
कोटक सिक्योरिटीज के हेड इक्विटी रिसर्च श्रीकांत चौहान का कहना है कि अच्छी अपट्रेंड रैली के बाद,बाजार में फिलहाल ऊपरी स्तरों पर कुछ मुनाफावसूली देखने को मिल रही है। हालांकि,बाजार की शॉर्ट टर्म बनावट पॉजिटिव बनी हुई है। डे ट्रेडर्स के लिए, 23,600/77700 पर सपोर्ट ज़ोन होगा। इस लेवल से ऊपर जाने पर बाजार फिर से 23,850/78300-23,900/78500 के स्तर को छू सकता है। दूसरी ओर, 23,600/77700 के नीचे जाने पर बाजार का रुख बदल सकता है। इस स्तर से नीचे, बाजार 23,500 से 23,450/77300-77200 तक फिसल सकता है।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के एसवीपी,रिसर्च अजीत मिश्रा का कहना है कि लगातार छह कारोबारी सत्रों की बढ़त के बाद बाजार में ठहराव आया और यह सपाट स्तर पर बंद हुआ। एक मजबूत रैली के बाद मामूली करेक्शन आना स्वाभाविक है। निफ्टी के 23,800 अंक के आसपास स्थित अपने पिछले स्विंग हाई का टेस्ट करने के बाद मजबूत होने की उम्मीद है। नीचे की ओर निफ्टी के लिए 23,400 (अहम मूविंग एवरेज -100 डीईएमए और 200 डीईएमए) के आसपास पहला सपोर्ट है। उसके बाद 23,100 के आसपास बड़ा सपोर्ट है। ट्रेडरों को चुनिंदा स्टॉक पर फोकस करते हुए "गिरावट पर खरीदारी" की रणनीति इस्तेमाल चाहिए। बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयर ज्यादा अच्छे नजर आ रहे हैं।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक रूपक डे का कहना है कि निफ्टी को पिछले स्विंग हाई पर रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ा। अब निफ्टी के लिए नीचे की ओर 23,300 के आसपास सपोर्ट नजर आ रहा है। निफ्टी की 100-ईएमए भी इस स्तर के पास स्थित है। जब तक निफ्टी 23,300 के ऊपर बना रहता है, हमें 23,300 से 23,800 की बड़ी रेंज के भीतर एक कंसोलीडेशन फेज की उम्मीद नजर आ रही है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।