F&O Manual : आरबीआई की तरफ से बैंकों के लिए एडीशनल सीआरआर (cash reserve ratio) के ऐलान के बाद बैंकिंग स्टॉक्स में गिरावट देखने को मिली है। जिसका असर पूरे बाजार पर देखने को मिला है। 10 अगस्त को 2 बजे के आसपास सेंसेक्स 298.90 अंक यानी 0.45 फीसदी की गिरावट के साथ 65,696.91 के स्तर पर दिख रहा था। वहीं, निफ्टी 89.50 अंक यानी 0.46 फीसदी गिरावट के साथ 19543.05 के स्तर पर दिख रहा था। जबकि बैंक निफ्टी 0.73 फीसदी की कमजोरी के साथ 44552.50 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
12 अगस्त से शुरू होने वाले पखवाड़े से बैंकों को 10 फीसदी एडीशनल सीआरआर मेंटेन रखना होगा। आरबीआई से 2000 रुपए के नोट वापस लेने के बाद सिस्टम में बढ़ी नकदी को कम करने के लिए ये कदम उठाया है। यह एक अस्थाई प्रावधान है। इसकी समीक्षा 8 सितंबर को या उससे पहले की जाएगी।
क्या कहते हैं ऑप्शन के आंकड़े
ऑप्शन आंकड़ों से पता चलता है कि आज के लिए कॉल राइटिंग में तेज बढ़त हुई है। 19600 का स्तर निफ्टी के लिए एक बड़ी बाधा के रूप में उभर रहा है, जबकि पुट राइटर निचले स्तर की तरफ शिफ्ट हो गए हैं। ऊपरी स्तरों पर सप्लाई का दबाव देखने को मिल रहा है।
सभी ट्रेडर्स को आरबीआई के इस फैसले में कोई बड़ी निगेटिव बात नज़र नहीं आ रही है। मुंबई स्थित एल्गो ट्रेडर राहुल घोष का कहना है कि यह सिर्फ एक तात्कालिक रिएक्शन है। इससे किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं दिख रही है। राहुल ने बताया कि उन्होंने 19600 इन-द-मनी शॉर्ट स्ट्रैडल किए हैं।
बैंक निफ्टी के लिए ऊपरी स्तरों पर रजिस्टेंस
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज का कहना है कि उसने पहले से अंदाजा लगा रखा था कि आरबीआई पॉलिसी के कारण आज बैंक निफ्टी में वोलैटिलिटी रहेगी। ब्रोकरेज हाउस का आगे कहना कि ऑप्शन आंकड़ों को देखते हुए यह उम्मीद है कि बैंक निफ्टी को ऊपरी स्तरों पर प्रतिरोध का सामना करना पड़ेगा क्योंकि 45000 की कॉल में काफी ज्यादा ओपन इंटरेस्ट है।
ग्रेन्यूल्स इंडिया, गुजरात गैस, एशियन पेंट्स में शॉर्ट बिल्ड-अप
अलग-अलग स्टॉक्स पर नजर डालें तो ग्रेन्यूल्स इंडिया, गुजरात गैस, एशियन पेंट्स और महानगर गैस में शॉर्ट बिल्ड-अप देखने को मिला है।
मैक्स फाइनेंशियल, इंडिया सीमेंट और ट्रेंट में लॉन्ग बिल्ड-अप
वहीं, एक्सिस बैंक से निवेश हासिल करने वाले मैक्स फाइनेंशियल में तेजी देखने को मिली है। इसके अलावा इंडिया सीमेंट और ट्रेंट में लॉन्ग बिल्ड-अप देखने को मिला है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।