प्राइवेट सेक्टर के फेडरल बैंक का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में शुद्ध मुनाफा स्टैंडअलोन बेसिस पर 1176.93 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 861.75 करोड़ रुपये से 36.5 प्रतिशत ज्यादा है। कुल स्टैंडअलोन इनकम सालाना आधार पर 6 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 8286.69 करोड़ रुपये हो गई। जून 2025 तिमाही में यह 7799.61 करोड़ रुपये थी।
बैंक ने शेयर बाजारों को बताया है कि जून 2026 तिमाही में उसके खर्च 6389.36 करोड़ रुपये के रहे। एक साल पहले खर्च 6243.32 करोड़ रुपये के थे। ऑपरेटिंग प्रॉफिट 1897.33 करोड़ रुपये हो गया, जो जून 2025 तिमाही में 1556.29 करोड़ रुपये था। शुद्ध ब्याज आय (NII) सालाना आधार पर 26 प्रतिशत बढ़कर 2,946 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले यह 2,336 करोड़ रुपये थी। नेट इंट्रेस्ट मार्जिन 39 bps की बढ़ोतरी के साथ 3.33 प्रतिशत हो गया।
एसेट क्वालिटी की बात करें तो जून 2026 तिमाही में फेडरल बैंक का ग्रॉस NPA घटकर 4282.34 करोड़ रुपये हो गया। ग्रॉस NPA रेशियो भी कम होकर 1.52 प्रतिशत हो गया। एक साल पहले ग्रॉस NPA 4669.66 करोड़ रुपये और ग्रॉस NPA रेशियो 1.91 प्रतिशत था। नेट NPA कम होकर 506.05 करोड़ रुपये और नेट NPA रेशियो घटकर 0.18 प्रतिशत पर आ गया। बैंक का कहना है कि उसका नेट NPA 10 साल के निचले स्तर पर है। जून 2025 तिमाही में नेट NPA 1157.64 करोड़ रुपये और नेट NPA रेशियो 0.48 प्रतिशत था।
जून 2026 तिमाही के दौरान फेडरल बैंक ने लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का बिजनेस किया। 10 नई ब्रांच खोलीं, जिससे इसका ब्रांच नेटवर्क 1650 आउटलेट्स तक पहुंच गया। कुल डिपॉजिट 3,20,117.66 करोड़ रुपये के रहे, जो सालाना आधार पर 11.37 प्रतिशत ज्यादा हैं। ग्रॉस एडवांसेज 2,81,239.54 करोड़ रुपये के रहे। यह आंकड़ा जून 2025 तिमाही के मुकाबले लगभग 15 प्रतिशत ज्यादा है।
Federal Bank के शेयर ने क्रिएट किया 52 वीक का नया हाई
शुक्रवार, 17 जुलाई को फेडरल बैंक का शेयर BSE पर दिन में 7 प्रतिशत तक उछलकर 351 रुपये के हाई तक गया। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर है। बैंक का मार्केट कैप 86000 करोड़ रुपये के करीब है। शेयर BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 3 महीनों में 18 प्रतिशत, 3 महीनों में 28 प्रतिशत और एक साल में 63 प्रतिशत चढ़ा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।