अगर आप स्टॉक के डेरिवेटिव्स में पोजिशन लेते हैं तो अगले महीने से मई (कुछ शेयरों के लिए जुलाई) या इससे बाद की एक्सपायरी वाले कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए स्ट्रैटेजी में थोड़ा बदलाव करना पड़ सकता है। इसकी वजह ये है कि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने कुछ स्टॉक्स के लिए लॉट साइज बढ़ा दिया है तो कुछ स्टॉक्स के लॉट साइज को घटा दिया है। लॉट साइज को ऐसे समझें कि जैसे कि अगर आपको ONGC के शेयरों का फ्यूचर लेना है या ऑप्शंस तो अभी कम से कम 3850 शेयरों और इसके गुणक में ही शेयरों की पोजिशन ले सकते हैं यानी कि लॉट साइज 3850 है। अगले महीने से मई या इसके बाद की एक्सपायरी के लिए यह लॉट साइज 1925 शेयरों का हो जाएगा यानी आधे पैसे में ही ONGC के F&O में पोजिशन ले सकेंगे।
एनएसई पर 182 स्टॉक्स के डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स हैं, जिसमें से 54 शेयरों के लिए लॉट साइज में बदलाव हुआ है। इसका सर्कुलर एनएसई ने 28 मार्च को जारी किया। इसे समय-समय पर किया जाता है।
42 शेयरों के लॉट साइज में कटौती
एनएसई के सर्कुलर के मुताबिक 42 शेयरों के लॉट साइज में कटौती हुई है। यह बदलाव 26 अप्रैल से प्रभावी हो जाएगा और यह मई 2024 या इससे बाद की एक्सपायरी के लागू होगा। इस लिस्ट में भारती एयरटेल, भेल, एसबीआई, एलएंडटी, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस, ओएनजीसी, ट्रेंट, टाटा कंज्यूमर और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। यहां इन शेयरों की पूरी लिस्ट और उनके मौजूदा-नए लॉट साइज की डिटेल्स दी जा रही है।
इनके अलावा 6 और शेयरों- टाटा मोटर्स, बजाज ऑटो. पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, गोदरेज प्रॉपर्टीज और टाटा पावर के लिए भी लॉट साइज कम किया जाएगा। हालांकि इनके लिए बदलाव अगले महीने 26 अप्रैल से जुलाई या इसके बाद के मंथली कॉन्ट्रैक्ट के लिए होगा। वहीं 128 शेयरों के डेरिवेटिव्स के लिए लॉट साइज में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसमें अपोलो हॉस्पिटल्स, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स और अदाणी एंटरप्राइजेज इत्यादि शामिल हैं।
6 शेयरों के लॉट साइज में बढ़ोतरी
एनएसई ने 6 शेयरों के F&O के लिए लॉट साइज को बढ़ा दिया है। इसमें जी एंटरटेनमेंट, पॉलीकैब इंडिया, नवीन फ्लोरीन, डालमिया भारत, बंधन बैंक, अतुल और वोडाफोन इंडिया जैसे शेयर शामिल हैं। ये बदलाव अगले महीने 26 अप्रैल से जुलाई या इसके बाद की एक्सपायरी के लिए लागू होंगे। इसका मतलब हुआ कि मई और जून के कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए मौजूदा लॉट साइज ही एक्टिव रहेगा।