सितंबर के पहले 15 दिनों में FPI ने शेयरों से निकाले 4800 करोड़, आगे के लिए क्या है रुझान

इससे पहले अगस्त में शेयरों में FPIs की ओर से निवेश चार माह के निचले स्तर 12,262 करोड़ रुपये पर आ गया था। सितंबर के पहले 15 दिनों में FPI ने भारत के डेट मार्केट में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया। इसके साथ ही इस साल FPI का अब तक इक्विटी में कुल निवेश 1.3 लाख करोड़ रुपये और डेट मार्केट में 30,200 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है

अपडेटेड Sep 17, 2023 पर 12:26 PM
इससे पहले FPI मार्च से अगस्त 2023 तक लगातार छह माह भारतीय शेयरों में शुद्ध लिवाल रहे थे।

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने सितंबर के पहले 15 दिनों में भारतीय शेयर बाजारों से करीब 4,800 करोड़ रुपये निकाले हैं। इसके पीछे कारण अमेरिका में बॉन्ड पर यील्ड बढ़ना, डॉलर की मजूबती और आर्थिक वृद्धि को लेकर चिंता है। ये चिंताएं प्रमुख रूप से ग्लोबल मैक्रोइकनॉमिक फैक्टर्स से उपजी हैं, जिनमें कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और महंगाई जोखिमों का फिर से उभरना शामिल है। संयुक्त राज्य अमेरिका में ब्याज दरों में बढ़ोतरी होने की संभावना और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसके संभावित असर को लेकर चिंताओं की वजह से भी निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं। हालांकि FPI (Foreign Portfolio Investors) की ओर से भारतीय शेयर बाजारों से पैसे निकालने का शेयर बाजार की चाल पर असर देखने को नहीं मिला।

इससे पहले FPI मार्च से अगस्त 2023 तक लगातार छह माह भारतीय शेयरों में शुद्ध लिवाल रहे थे। इस दौरान उन्होंने 1.74 लाख करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि एफपीआई की ओर से भारतीय बाजारों से पैसे निकाला जाना आने वाले दिनों में जारी रह सकता है। इसके पीछे अहम वजह मार्केट और वैल्युएशंस का रिकॉर्ड हाई पर होना बताया जा रहा है। डिपॉजिटरीज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने इस महीने अब तक (15 सितंबर तक) शेयरों से शुद्ध रूप से 4,768 करोड़ रुपये निकाले हैं। इस आंकड़े में बल्क डील्स और प्राइमरी मार्केट के माध्यम से निवेश शामिल है।

सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में से 9 का m-cap 1.80 लाख करोड़ रुपये बढ़ा, TCS को सबसे ज्यादा फायदा


डेट मार्केट में लगाए 2000 करोड़

सितंबर के पहले 15 दिनों में FPI ने भारत के डेट मार्केट में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया। इसके साथ ही इस साल FPI का अब तक इक्विटी में कुल निवेश 1.3 लाख करोड़ रुपये और डेट मार्केट में 30,200 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। सेक्टर्स की बात करें तो एफपीआई लगातार पूंजीगत सामान और बिजली खरीद रहे हैं। इससे पहले अगस्त में शेयरों में एफपीआई की ओर से निवेश चार माह के निचले स्तर 12,262 करोड़ रुपये पर आ गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।