फ्रांस की एसेट मैनेजमेंट कंपनी अमुंडी का भारत में 173.9 करोड़ रुपये का निवेश करीब 4,400 करोड़ रुपये बन गया है। दरअसल, अमुंडी ने करीब 15 साल पहले एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट में 173.9 करोड़ रुपये का निवेश किया था। अब एसबीआई फंड्स आईपीओ पेश करने जा रही है। अमुंडी इंडिया होल्डिंग्स इस आईपीओ में अपने 7.53 करोड़ शेयर बेचेगी। यह एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के 3.7 फीसदी शेयर के बराबर है।
SBI Funds की वैल्यूएशन 1.17 लाख करोड़ रहने की उम्मीद
SBI Funds Management इस हफ्ते के आखिर में आईपीओ के प्राइस बैंड का ऐलान कर सकती है। कंपनी की वैल्यूएशन करीब 1.17 लाख करोड़ रुपये रहने का अनु्मान है। इस आधार पर कंपनी में अमुंडी को अपने शेयर बेचने से करीब 4,330-4,400 करोड़ रुपये मिल सकता है। इसे किसी विदेशी एसेट मैनेजमेंट कंपनी का भारत में सफल निवेश के रूप में देखा जा रहा है। इंडिया में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्रीज काफी तेजी से बढ़ रही है।
अमुंडी एसबीआई फंड्स में पूरी हिस्सेदारी नहीं बेचेगी
अमुंडी एसबीआई फंड्स में अपनी पूरी हिस्सेदारी नहीं बेच रही है। आईपीओ में हिस्सेदारी बेचने के बाद भी एसबीआई फंड्स में उसकी हिस्सेदारी करीब 32.56 फीसदी बनी रहेगी। इससे वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की दूसरी सबसे बड़ी शेयरहोल्डर और लॉन्ग टर्म स्ट्रेटेजिक पार्टनर बनी रहेगी। Amundi साल 2011 में एसबीआई की फॉरेन पार्टनर बनी थी।
अमुंडी ने 2011 में एसबीआई के फंड्स लिए थे
SBI Funds Management के ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक, Amundi India Holding vs 30 मई, 2011 को एसबीआई फंड्स के 18.5 करोड़ शेयर लिए थे। तब इनकी वैल्यू करीब 173.9 करोड़ रुपये थी। स्टॉक स्प्लिट के बाद शेयर की फेस वैल्यू 100 रुपये से घटकर 1 रुपये रह गई। उसके बाद कंपनी ने 3:1 के अनुपात में बोनस शेयर दिया था। इससे इससे अमुंडी के पास एसबीआई फंड्स के शेयरों की संख्या बढ़कर 74 करोड़ हो गई।
एसबीआई फंड्स का आईपीओ सिर्फ OFS होगा
डीआरएचपी के मुताबिक, अमुंडी इंडिया का वेटेड एवरेज एक्विजिशन कॉस्ट प्रति शेयर 4.35 रुपये है। एसबीआई फंड्स का आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। इसके जरिए पुराने प्रमोटर्स अपने 20.3 करोड़ शेयर बेचेंगे। यह एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के कुल शेयरों का 10 फीसदी है। चूंकि, इस आईपीओ में कंपनी नए शेयर इश्यू नहीं कर रही है, जिससे उसे इस इश्यू से कोई पैसा नहीं मिलेगा। इस ओएफएस में एसबीआई 12.83 करोड़ शेयर (6.3 फीसदी) बेचेगा। अमुंडी 7.5 करोड़ शेयर (3.7 फीसदी) बेचेगी।
अमुंडी दुनिया की टॉप 10 एएमसी में शामिल
अमुंडी का हेड ऑफिस पेरिस में है। यह यूरोप की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। यह दुनिया की टॉप 10 एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में से एक है। इसके 20 करोड़ से ज्यादा रिटेल क्लाइंट्स हैं। करीब 1000 इंस्टीट्यूशनल और कॉर्पोरेट क्लाइंट्स हैं। इस कंपनी के एंप्लॉयीज की संख्या करीब 5,600 है। इसमें 900 इनवेस्टमेंट प्रोफेशनल्स शामिल हैं।