सोलर एनर्जी सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी फूजियामा पावर सिस्टम्स के शेयरों में आगे 110 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिल सकती है। ऐसी उम्मीद ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल की ओर से बुल केस में दिए गए टारगेट प्राइस से मिली है। ब्रोकरेज ने इस स्टॉक पर 'बाय' रेटिंग के साथ कवरेज शुरू किया है। टारगेट प्राइस 340 रुपये प्रति शेयर रखा है। वहीं बुल केस में टारगेट प्राइस वित्त वर्ष 2028 तक 600 रुपये प्रति शेयर रखा है। यह शेयर के बंद भाव से लगभग 110 प्रतिशत ज्यादा है।
ब्रोकरेज ने कहा कि फूजियामा एक इंटीग्रेटेड B2C यानि कि बिजनेस टू कंज्यूमर सोलर सॉल्यूशंस प्रोवाइडर है। इसके पोर्टफोलियो में इनवर्टर, सोलर पैनल, बैटरी, UPS सिस्टम और सोलर मैनेजमेंट यूनिट्स सहित कई प्रोडक्ट हैं। यह रेजिडेंशियल और कमर्शियल दोनों सेक्टर्स के लिए प्रोडक्ट बनाती है।
दिसंबर 2025 तक कंपनी ने सोलर पैनल, बैटरी और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स में से हर एक के लिए अपनी क्षमता बढ़ाकर 1.5 GW से अधिक कर ली। कंपनी कुशल और किफायती रिन्यूएबल एनर्जी सॉल्यूशंस प्रदान करने पर लगातार फोकस कर रही है।
Fujiyama Power Systems खर्च करने वाली है 300 करोड़
फूजियामा पावर सिस्टम्स अब वित्त वर्ष 2030 तक भारत के 100 GW रूफटॉप सोलर अवसर का फायदा उठाने के लिए अपनी क्षमता बढ़ा रही है। कंपनी ने अपनी रतलाम स्थित फैसिलिटी में पैनल, इनवर्टर और बैटरी की क्षमता को क्रमशः 3.7 GW, 3.7 GW और 3.8 GWh तक बढ़ाने के लिए 300 करोड़ रुपये के पूंजीगत खर्च की रूपरेखा तैयार की है। मोतीलाल ओसवाल को वित्त वर्ष 2025-28 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 56 प्रतिशत, EBITDA 65 प्रतिशत और शुद्ध मुनाफा 65 प्रतिशत के CAGR (कंपाउंड एनुअल ग्रॉस रेट) से बढ़ने की उम्मीद है।
शेयर 10 प्रतिशत उछला, लगा अपर सर्किट
फूजियामा पावर सिस्टम्स के शेयरों में 23 अप्रैल को 10 प्रतिशत की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर की कीमत 285.90 रुपये के हाई तक गई और अपर सर्किट लगा। यह शेयर का नया रिकॉर्ड हाई भी है।कंपनी का मार्केट कैप 8700 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर एक महीने में लगभग 50 प्रतिशत और 2 सप्ताह में लगभग 30 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 86.77 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। फूजियामा पावर सिस्टम्स शेयर बाजार में नवंबर 2025 में लिस्ट हुई थी। इसका 828 करोड़ रुपये का IPO 1.5 गुना भरा था। कंपनी का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन रेवेन्यू 588.48 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 67.31 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।