ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर (OFSS) के शेयरों में 23 अप्रैल को लगभग 9 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 8898 रुपये के हाई तक गया। बाद में 8 प्रतिशत बढ़त के साथ 8793.05 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी ने एक दिन पहले जनवरी-मार्च 2026 तिमाही और वित्त वर्ष 2025-26 के नतीजे जारी किए थे। तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 30.7 प्रतिशत बढ़कर 841.7 करोड़ रुपये हो गया। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 20.3 प्रतिशत उछलकर 2,065.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
मार्च 2026 तिमाही में EBIT बढ़कर 1,040.9 करोड़ रुपये का रहा, जबकि मार्जिन बढ़कर 51.2 प्रतिशत पर पहुंच गया। खर्च 1016.4 करोड़ रुपये के रहे। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 2639.3 करोड़ रुपये और ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 2379.6 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
₹270 के तगड़े डिविडेंड का ऐलान
OFSS ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 270 रुपये प्रति शेयर के दूसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 7 मई है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। इस अंतरिम डिविडेंड का भुगतान पात्र शेयरहोल्डर्स को 21 मई को या उससे पहले कर दिया जाएगा। इससे पहले कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 130 रुपये प्रति शेयर का पहला अंतरिम डिविडेंड दिया था।
OFSS का शेयर एक महीने में 30 प्रतिशत चढ़ा
शेयर में आई तेजी के बाद ओरेकल फाइनेंशियल सर्विसेज सॉफ्टवेयर का मार्केट कैप बढ़कर 76500 करोड़ रुपये हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 2 सप्ताह में 22 प्रतिशत और एक महीने में 36 प्रतिशत मजबूत हुआ है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 72.44 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ 10,890 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।