F&O Trading: बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट से चार शेयरों को बाहर करने का फैसला किया है। इनमेंहाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HUDCO), पिरामल फार्मा लिमिटेड, टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड और टोरेंट पावर लिमिटेड शामिल हैं। ये चारों शेयर अब फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) सेगमेंट में नए कॉन्ट्रैक्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
एक्सचेंज की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, इन शेयरों में F&O ट्रेडिंग 4 मई 2026 से बंद हो जाएगी। इसके बाद इन कंपनियों में कोई नया डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट जारी नहीं किया जाएगा।
मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट तय समय पर समाप्त होंगे
HUDCO, पिरामल फार्मा और टाटा टेक्नोलॉजीज BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा हैं। वहीं टोरेंट पावर BSE 200 इंडेक्स में शामिल है।
यह फैसला डेरिवेटिव सेगमेंट में शेयरों के शामिल और बाहर किए जाने से जुड़े योग्यता मानकों के तहत लिया गया है। एंट्री नॉर्म्स के अनुसार किसी शेयर को छह महीने की रोलिंग अवधि में कुछ शर्तें पूरी करनी होती हैं। इसमें कम से कम 75 लाख रुपये का मीडियन क्वार्टर सिग्मा ऑर्डर साइज, कम से कम 1,500 करोड़ रुपये का मार्केट वाइड पोजीशन लिमिट और कैश सेगमेंट में औसतन 35 करोड़ रुपये का डेली डिलीवरी वैल्यू शामिल है। जो शेयर इन मानकों को पूरा नहीं करते, उन्हें डेरिवेटिव सेगमेंट से बाहर कर दिया जाता है।
दोबारा शामिल होने में लगेगा समय
नियमों के मुताबिक, अगर कोई शेयर योग्यता मानदंड पूरे न करने के कारण बाहर किया जाता है, तो उसे कम से कम एक साल तक दोबारा शामिल नहीं किया जा सकता। इसका मतलब है कि इन चारों शेयरों में F&O ट्रेडिंग मई 2027 से पहले फिर से शुरू नहीं हो सकेगी, वह भी तभी जब वे दोबारा निर्धारित मानकों को पूरा करें।
मंगलवार को HUDCO का शेयर 1.12% गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। टाटा टेक्नोलॉजीज में 2.30% की कमजोरी रही। पिरामल फार्मा के शेयर 1.34% भी नीचे थे। वहीं टोरेंट पावर के शेयर 1.26% की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।