Gainers & Losers: अच्छे ग्लोबल संकेतों से आज बाजार में जोश भर गया। 3 दिनों की गिरावट के बाद बाजार चौतरफा तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त लेकर बंद हुए हैं। आज BSE के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में खरीदारी रही। PSE, मेटल, IT शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। एनर्जी, फार्मा, रियल्टी इंडेक्स भी बढ़त पर बंद हुए। ऑटो और इंफ्रा इंडेक्स में भी तेजी रही। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 875 अंक चढ़कर 79,468 पर बंद हुआ। निफ्टी 305 अंक चढ़कर 24,298 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी बैंक 371 अंक चढ़कर 50,119 पर बंद हुआ। आज इन शेयरों में सबसे ज्यादा हलचल रही-
Lupin | CMP: Rs 1,996 | मजबूत तिमाही नतीजों के दम पर ल्यूपिन के शेयरों में 4 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में कंपनी के नतीजे अनुमान से कहीं अच्छे रहे हैं। मुनाफा उम्मीद से कहीं बेहतर रहा है। मार्जिन कई तिमाहियों के शिखर पर है। अमेरिका और भारत के बाजारों में अच्छी ग्रोथ देखने को मिल रही है। रेवेन्यू 16.3 फीसदी बढ़कर 5600 करोड़ रुपए पर रहा है। मुनाफा 452 करोड़ से बढ़कर 801 करोड़ रुपए पर रहा है।
Gland Pharma | CMP: Rs 2,025 | कंपनी द्वारा वित्तीय वर्ष 2025 की पहली तिमाही के कमजोर नतीजे जारी करने के बाद ग्लैंड फार्मा के शेयरों में आज 4 प्रतिशत की गिरावट आई। अप्रैल-जून तिमाही में दवा निर्माता का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 26 प्रतिशत घटकर 143.8 करोड़ रुपये रह गया, जिसका मुख्य कारण कम आय थी। इसके साथ ही, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज का भी मानना है कि यूरोपीय ग्राहकों द्वारा उत्पादों की खरीद में देरी से कंपनी के Q1 FY25 के प्रदर्शन पर कुछ हद तक असर पड़ा है। पिछले साल की समान अवधि के 1,208.7 करोड़ रुपये की तुलना में कंपनी की आय 16 प्रतिशत बढ़कर 1,401.7 करोड़ रुपये रही है।
TVS Motors | CMP: Rs 2,571 per share | टीवीएस मोटर्स के शेयर 7 अगस्त को 2,620.2 रुपये के ऑलटाइम हाई को छूते दिखे। कंपनी ने जून 2024 तिमाही (Q1FY25) के शानदार नतीजे जारी किए हैं। कंपनी ने कुल बिक्री मात्रा में 14.1 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है।
EIH | CMP: Rs 375 per share | जून तिमाही में कंपनी के कमजोर प्रदर्शन के बाद इस लग्जरी हॉस्पिटैलिटी कंपनी के शेयर में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। कंपनी का मुनाफा वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में 11.2 प्रतिशत घटकर 92.2 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 103.8 करोड़ रुपये था।
PB Fintech | CMP: Rs 1,515 per share | पीबी फिनटेक के शेयर की कीमत 16 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 7 अगस्त को 1664.35 रुपये पर पहुंच गई, जो अब तक का इसका सबसे ऊंचा स्तर है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में आय में 52 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। ऑनलाइन मार्केटप्लेस पॉलिसी बाजार और पैसा बाजार की पैरेंट कंपनी पीबी फिनटेक ने अप्रैल-जून की अवधि में लगातार तीसरी तिमाही में लाभ कमाने की जानकारी दी है।
IndusInd Bank | CMP: Rs 1,347 per share | इंडसइंड बैंक का शेयर 7 अगस्त को 1,347.85 रुपये पर 52-सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया। पहली तिमाही के लिए बढ़े हुए प्रावधानों के कारण बैंक की जून तिमाही की आय अनुमान से कम रही है। Q1FY25 में इसका मुनाफा लगभग स्थिर रहा है। ये सालाना आधार पर केवल 2 प्रतिशत बढ़कर 2,171 करोड़ रुपये पर रहा है।
GR Infraprojects | CMP: Rs 1,612 per share | जीआर इंफ्राप्रोजेक्ट्स के शेयर में 7 अगस्त को करीब 3 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। कंपनी ने कहा कि वह कर्नाटक में एक परियोजना के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी (एल-1) बन गई है। लेकिन, उसने परियोजना की लागत का खुलासा नहीं किया है।
Caplin Point | CMP: Rs 1,578 per share | वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में कंपनी की कामकाजी आय 16 प्रतिशत बढ़कर 459 करोड़ रुपये हो जाने के बाद इस फार्मा स्टॉक में 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। इस अवधि में कंपनी का मुनाफा 20 प्रतिशत बढ़कर 124 करोड़ रुपये हो गया है।