Share market news: भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स 7 अगस्त को मजबूत नोट पर बंद हुए। RBI की पॉलिसी के पहले निफ्टी 24300 के आसपास बंद हुआ है। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 874.94 अंक या 1.11 फीसदी बढ़कर 79,468.01 पर और निफ्टी 305 अंक या 1.27 फीसदी बढ़कर 24,297.50 पर बंद हुआ है। आज लगभग 2696 शेयरों में तेजी आई है। 698 शेयरों में गिरावट आई है और 72 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। निफ्टी शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त कोल इंडिया, अडानी पोर्ट्स, पावर ग्रिड कॉर्प, सिप्ला और विप्रो में रही। जबकि इंडसइंड बैंक, आयशर मोटर्स, ब्रिटानिया, टेक महिंद्रा और टाइटन कंपनी निफ्टी के टॉप लूजर रहे।
आज सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए हैं। जिसमें मेटल, हेल्थ सर्विसेज, मीडिया, पावर, टेलीकॉम, तेल और गैस और कैपिटल गुड्स में 2-3 फीसदी से तेजी देखने को मिली। बीएसई मिडकैप इंडेक्स और स्मॉलकैप इंडेक्स में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई।
8 अगस्त को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि मजबूत शुरुआत के बाद निफ्टी एक छोटे दायरे में घूमता रहा और अंत में 304.95 अंकों की बढ़त के साथ 24,297.05 के स्तर पर बंद हुआ। सभी सेक्टर हरे निशान में बंद हुए, जिसमें मेटल और मीडिया सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले रहे। मिड और स्मॉलकैप में 2.45 फीसदी और 2.86 फीसदी की बढ़त हुई। इन्होंने बेंचमार्क इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन किया।
निफ्टी 50 ने आज एक ग्रीन कैंडल बनाई है, लेकिन इसका लॉन्ग लेग्ड DOJI पैटर्न अभी भी बाजार की दिशा साफ न होने का संकेत दे रहा है। आदित्य का मानना है कि जब तक निफ्टी 23,960 के अपने समर्थन स्तर को बनाए रखता है, तब तक इसमें 24,550 और उसके बाद 24,700 तक चढ़ने की संभावना बनी हुई है।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर का कहना है कि बैंक ऑफ जापान के डिप्टी गवर्नर द्वारा यह आश्वासन दिए जाने के बाद कि केंद्रीय बैंक वित्तीय अस्थिरता के दौर में ब्याज दरें नहीं बढ़ाएगा, वैश्विक बाजारों में तेज उछाल आया। भारतीय बाजार में भी सभी सेक्टरों में व्यापक खरीदारी देखी गई। इसके अलावा इंडेक्सेशन लाभों की बहाली के कारण रियल्टी सेक्टर में राहत रैली देखने को मिली। कैरी ट्रेड का मुद्दा फिलहाल शांत होता दिख रहा है और अब बाजार का फोकस RBI की पॉलिसी पर है। जिसमें ब्याज दरें स्थिर रहने और सकारात्मक आर्थिक नजरिए की संभावना है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।