Gainers & Losers: इंट्रा-डे में इन शेयरों से बना तगड़ा पैसा, आपने किस पर लगाया था दांव?
Gainers & Losers: क्रिसमस के बाद से लगातार मार्केट में हरियाली बनी हुई है। आज की बात करें तो Sensex और Nifty बढ़त के साथ बंद हुए हैं। हालांकि अभी भी रिकॉर्ड हाई से ये 9 फीसदी से अधिक नीचे हैं। 27 सितंबर को इंट्रा-डे में सेंसेक्स 86 हजार के काफी करीब 85,978.25 और निफ्टी भी 26300 के करीब 26,277.35 तक पहुंचा था। सेक्टरवाइज आज मेटल और पीएसयू बैंक के निफ्टी इंडेक्स करीब एक फीसदी कमजोर हुए
Gainers & Losers: क्रिसमस के बाद से लगातार मार्केट में हरियाली बनी हुई है। हालांकि मार्केट की सुस्ती नहीं जा रही है और लगातार दो दिनों में घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) में आधे फीसदी से अधिक ही तेजी आई है।
Gainers & Losers: क्रिसमस के बाद से लगातार मार्केट में हरियाली बनी हुई है। हालांकि मार्केट की सुस्ती नहीं जा रही है और लगातार दो दिनों में घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) में आधे फीसदी से कम ही तेजी आई है। आज की बात करें तो इस हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार 27 दिसंबर को दिन के आखिरी में सेंसेक्स 0.29% यानी 226.59 प्वाइंट्स की बढ़त के साथ 78,699.07 और निफ्टी 0.27% यानी 63.20 प्वाइंट्स की तेजी के साथ 23,813.40 पर बंद हुआ है। इस मार्केट में कुछ शेयर खास एक्टिविटीज के चलते अपर सर्किट पर चले गए, नए हाई पर पहुंचे तो कुछ में भारी गिरावट रही। यहां इन शेयरों के बारे में और इनमें तेज उतार-चढ़ाव की वजह के बारे में बताया जा रहा है।
ताबड़तोड़ स्पीड से ऊपर भागे ये स्टॉक्स
Greaves Cotton । मौजूदा भाव: ₹281.85 (+19.99%)
ग्रीव्स कॉटन की सब्सिडियरी ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने आईपीओ के लिए ड्राफ्ट फाइल किया तो इसके शेयर इंट्रा-डे में 20 फीसदी उछलकर 281.85 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंच गए जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई भी है। ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के आईपीओ के तहत 1000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। इसके अलावा ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत ग्रीव्स कॉटन 5.10 करोड़ और अब्दुल लतीफ जमील ग्रीन मोबिलिटी सॉल्यूशंस डीएमसीसी 138,398,200 शेयरों की बिक्री करेगी।
Gensol Engineering । मौजूदा भाव: ₹761.00 (+6.68%)
जेनसॉल इंजीनियरिंग को एनटीपीसी को एनटीपीसी रिन्यूएबल एनर्जी से 225 मेगावॉट के ग्रिड-कनेक्टेड सोलर प्रोजेक्ट्स के डेवलपमेंट के लिए 897 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला तो शेयर आज 9.34 फीसदी उछलकर 780.00 रुपये पर पहुंच गए। इस पर यह ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्यूरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड में गुजरात के खावड़ा में स्थित GSECL सोलर पार्क (स्टेज-3) में काम करेगी। इस प्रोजेक्ट में तीन साल का संचालन और रखरखाव शामिल है।
Power Mech Projects । मौजूदा भाव: ₹2562.95 (+2.02%)
पावर मेच प्रोजेक्ट्स को जय प्रकाश पावर वेंचर्स से 186 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला तो शेयर 2.97 फीसदी उछलकर 2586.65 रुपये पर पहुंच गए।
Renaissance Global । मौजूदा भाव: ₹177.20 (+0.57%)
रेनेसेंस ग्लोबल के बोर्ड ने दुबई की एक कंपनी वेरिगोल्ड ज्वैलरी एफजेडसीओ में 90 करोड़ रुपये तक के निवेश को मंजूरी दी तो इसके शेयर 1.34 फीसदी उछलकर 178.55 रुपये पर पहुंच गए। हालांकि मुनाफावसूली के चलते भाव नरम पड़ गए।
Aarti Pharmalabs । मौजूदा भाव: ₹676.45 (+7.08%)
दिग्गज निवेशक सुनील सिंघानिया के Abakkus Asset Manager ने ब्लॉक डील के जरिए 10.7 लाख शेयर खरीदे तो शेयर 13.05 फीसदी उछलकर 714.25 रुपये पर पहुंच गए। यह खरीदारी 575.04 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर आरती इंडस्ट्रीज में 61.52 करोड़ रुपये में हुई है।
इस कारण धड़ाम से फिसले ये शेयर
NHPC । मौजूदा भाव: ₹80.39 (-2.02%)
एनएचपीसी ने खुलासा किया कि सिक्किम में 510 मेगावॉट के तीस्ता-वी पावर स्टेशन में अचानक आई बाढ़ के कारण इसे 1,005.1 करोड़ रुपये का नहीं बल्कि 1,075.97 करोड़ रुपये का घाटा हुआ तो इसके शेयर इंट्रा-डे में 2.35 फीसदी फिसलकर 80.12 रुपये के भाव तक आ गए। कंपनी को सामानों के नुकसान के लिए 150 करोड़ रुपये मिले हैं, जबकि कारोबार में रुकावट के नुकसान के लिए 250 करोड़ रुपये का पेमेंट मिलने वाला है और बीमा कंपनी जल्द ही इसे जारी कर सकती है। इसके अलावा कंपनी का अनुमान है कि सुबनसिरी लोअर एचई प्रोजेक्ट की 250-250 मेगावाट की तीन इकाइयां मई 2025 तक पूरी हो जाएंगी, और बाकी पांच इकाइयां चरणबद्ध तरीके से मई 2026 तक पूरी हो जाएंगी। हालांकि अभी इन खुलासों का पॉजिटिव असर नहीं दिखा है।
NMDC । मौजूदा भाव: ₹69.45 (-2.66%)
एनएमडीसी के बोनस की आज एक्स-डेट थी तो शेयर इंट्रा-डे में 3.08 फीसदी फिसलकर 69.15 रुपये के भाव तक आ गए। एनएमडीसी के शेयरहोल्डर्स को एक शेयर पर दो शेयर बोनस में मिलेंगे।
Mazagon Dock Shipbuilders । मौजूदा भाव: ₹2308.70 (-2.36%)
मझगांव डॉक के स्टॉक स्प्लिट की आज एक्स-डेट थी तो शेयर इंट्रा-डे में 3.35 फीसदी फिसलकर 2285.25 रुपये के भाव तक आ गए। इसके शेयर दो हिस्से में टूट रहे हैं।
RBL Bank । मौजूदा भाव: ₹160.20 (-1.42%)
डीएएम कैपिटल में आरबीएल बैंक ने अपनी पूरी हिस्सेदारी बेची तो इसके शेयर आज 3.35 फीसदी फिसलकर 157.05 रुपये पर आ गए। बैंक ने डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स के आईपीओ के तहत ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए कंपनी में अपनी पूरी 8.16% हिस्सेदारी बेच दी है। आईपीओ 19 दिसंबर से 23 दिसंबर तक खुला था। आज डीएएम कैपिटल के शेयर लिस्ट हुए हैं और 283 रुपये के भाव में जारी हुआ शेयर 415.05 रुपये पर बंद हुआ है।
जैगल प्रीपेड ने ऐलान किया कि क्यूआईपी के जरिए 595 करोड़ रुपये जुटाने के बाद यह वित्त वर्ष 2026 में कम से कम दो कंपनियों की खरीदने की योजना है। इस खुलासे पर इसके शेयर आज 5 फीसदी टूटकर 541.15 रुपये पर आ गए।