Garden Reach Shipbuilders Share Price: सरकारी कंपनी के शेयर पर टूटे निवेशक, ताबड़तोड़ खरीद से दिन में 16% तक भागा

Garden Reach Shipbuilders & Engineers Share Price: कंपनी ने एक दिन पहले तिमाही नतीजे जारी किए थे, जो कि अच्छे रहे। लिहाजा निवेशकों ने खरीद बढ़ाई है। गार्डन रीच शिपबिल्डर्स, रक्षा मंत्रालय के तहत आती है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक सरकार के पास 74.50 प्रतिशत हिस्सेदारी थी

अपडेटेड Apr 29, 2026 पर 4:43 PM
Story continues below Advertisement
मार्च 2026 तिमाही के दौरान GRSE का शुद्ध मुनाफा 303.19 करोड़ रुपये रहा।

सरकारी डिफेंस कंपनी गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) लिमिटेड के शेयरों में 29 अप्रैल को दिन में जबरदस्त तेजी दिखी। ऐसा लगा कि जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के नतीजे सामने आने के बाद निवेशकों में शेयर को खरीदने की होड़ मची हुई है। BSE पर शेयर 16 प्रतिशत तक उछलकर 3,338.90 रुपये के हाई तक गया। बाद में शेयर लगभग 7 प्रतिशत बढ़त के साथ 3073.20 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया था कि मार्च 2026 तिमाही के दौरान उसका शुद्ध मुनाफा 303.19 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 244.25 करोड़ रुपये से 24 प्रतिशत ज्यादा है।

ऑपरेशंस से रेवेन्यू 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2119.21 करोड़ रुपये हो गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 1642.03 करोड़ रुपये था। खर्च बढ़कर 1779.51 करोड़ रुपये के रहे, जो मार्च 2025 तिमाही में 1432.69 करोड़ रुपये के थे। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 7002.15 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 747.93 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

GRSE देगी 6.70 रुपये का फाइनल डिविडेंड


GRSE के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए शेयरहोल्डर्स को 6.70 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने का फैसला किया है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने पर डिविडेंड का पेमेंट 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा। रिकॉर्ड डेट अभी घोषित नहीं हुई है। रिकॉर्ड डेट तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। इससे पहले कंपनी वित्त वर्ष 2026 के लिए दो बार में 7.15 रुपये और 5.75 रुपये का अंतरिम डिविडेंड दे चुकी है।

GRSE का शेयर एक महीने में 50 प्रतिशत मज​बूत

गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स का मार्केट कैप बढ़कर 35200 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक सरकार के पास 74.50 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 2 सप्ताह में 20 प्रतिशत और एक महीने में लगभग 50 प्रतिशत चढ़ा है। 2 साल में यह 200 प्रतिशत और 5 साल में 1600 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देख चुका है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 3,535 रुपये और एडजस्टेड लो 1,741.20 रुपये है। GRSE रक्षा मंत्रालय के तहत आती है।

Bandhan Bank Share Price: Q4 नतीजों के बाद आई खरीद की आंधी, शेयर ने लगाई 13% तक की छलांग

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।