Adani-Paytm Deal: गौतम अदाणी खरीद सकते हैं पेटीएम में हिस्सेदारी, विजय शेखर शर्मा से चल रही बात

आरबीआई (RBI) की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के बाद पेटीएम (Paytm) की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस (One97 Communications) इन दिनों मुश्किलों से गुजर रही है। हालांकि अब खबर आ रही है कि अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी (Gautam Adani) ने वन97 कम्युनिकेशंस में हिस्सेदारी खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, पेटीएम ने इस तरह के किसी भी जानकारी से इनकार किया है

अपडेटेड May 29, 2024 पर 10:57 AM
Adani-Paytm Deal: विजय शेखर शर्मा के पास वन97 कम्युनिकेशंस की करीब 19% हिस्सेदारी है

आरबीआई (RBI) की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के बाद पेटीएम (Paytm) की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस (One97 Communications) इन दिनों मुश्किलों से गुजर रही है। हालांकि अब खबर आ रही है कि अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी (Gautam Adani) ने वन97 कम्युनिकेशंस में हिस्सेदारी खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, पेटीएम ने इस तरह के किसी भी जानकारी से इनकार किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पेटीएम के फाउंडर और सीईओ विजय शेखर शर्मा (Vijay Shekhar Sharma) ने 28 मई को अहमदाबाद जाकर अदाणी ग्रुप के चेयरमैन से मुलाकात की, ताकि "सौदे की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा सके"।

हालांकि पेटीएम के एक प्रवक्ता ने इस खबर पर टिप्पणी करते हुए कहा, "हम साफ करना चाहते हैं कि ये समाचार महज अटकलें हैं और कंपनी इस संबंध में किसी भी चर्चा में शामिल नहीं है।"

बंदरगाह से लेकर एयरपोर्ट्स तक का बिजनेस करने वाली, अदाणी ग्रुप अगर इस डील के साथ फिनटेक बाजार में प्रवेश करती है, तो इसका मुकाबला गूगल पे, वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फोनपे और मुकेश अंबानी की जियो फाइनेंशियल जैसी कंपनियों के साथ होगा। इसके अलावा यह अंबुजा सीमेंट्स और एनडीटीवी के बाद अदाणी ग्रुप की एक और बड़ी खरीदारी होगी।


विजय शेखर शर्मा के पास वन97 कम्युनिकेशंस की करीब 19 प्रतिशत हिस्सेदारी है। 28 मई के बंद भाव के हिसाब से इस हिस्सेदारी की वैल्यू करीब 4,218 करोड़ रुपये आती है। शर्मा के पास व्यक्तिगत रूप से पेटीएम की 9 प्रतिशत हिस्सेदारी है और विदेशी कंपनी रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से वह 10 प्रतिशत के मालिक हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि वन97 कम्युनिकेशंस की फाइलिंग में, शर्मा और रेजिलिएंट दोनों को पब्लिक शेयरधारक बताया गया है।

बता दें कि RBI ने इस साल 31 जनवरी को पेटीएम पेमेंट्स बैंक (PPBL) पर नियमों के बार-बार उल्लंघन और कई नियमों का पालन न करने का हवाला देते हुए कारोबारी प्रतिबंध लगा दिए थे। RBI ने पीपीबीएल को 29 फरवरी के बाद नए डिपॉजिट स्वीकार करने और क्रेडिट ट्रांजैक्शन करने से रोक दिया था।

यह भी पढ़ें- शेयर मार्केट के उतारचढ़ाव में भी ये 4 सरकारी शेयर बने मल्टीबैगर, क्या आपके पास भी है इनमें से कोई स्टॉक

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।