GE Power India Share Price: जीई पावर इंडिया के शेयरों में 4 अप्रैल को लगातार दूसरे दिन बड़ा उछाल देखने को मिला। शेयर करीब 12 प्रतिशत तक चढ़ा और 1 साल के नए हाई को छू गया।हालांकि बाद में यह तेजी कम हो गई। एक दिन पहले कंपनी ने बताया था कि उसे जयप्रकाश पावर वेंचर्स से 774.9 करोड़ रुपये के दो ऑर्डर मिले हैं। इन ऑर्डर्स की वजह से शेयरों में जमकर खरीद हो रही है।
जीई पावर इंडिया का शेयर सुबह पिछले बंद भाव से 11.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ बीएसई पर 371 रुपये पर खुला। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर है। कारोबार खत्म होने पर शेयर 4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 345.45 रुपये पर सेटल हुआ। शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड 20 प्रतिशत की सर्किट लिमिट के साथ 398.40 रुपये है। लोअर प्राइस बैंड 265.60 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
कंपनी में दिसंबर 2023 तक प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 68.58 प्रतिशत और पब्लिक की 31.42 प्रतिशत थी। वित्त वर्ष 2024 की दिसंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 456.22 करोड़ रुपये रहा था। वहीं मुनाफा घटकर 1.86 करोड़ रुपये पर आ गया था।
किस काम के लिए GE Power India को मिले हैं ऑर्डर
3 अप्रैल को बीएसई फाइलिंग में GE Power India ने कहा कि कंपनी को जयप्रकाश पावर वेंचर्स से निगरी में निगरी सुपर थर्मल पावर प्लांट और बीना में बीना थर्मल पावर प्लांट के लिए D&E और गीले चूना पत्थर बेस्ड FGDs की आपूर्ति के लिए दो ऑर्डर मिले हैं। निगरी प्लांट के लिए ऑर्डर की वैल्यू 490.5 करोड़ रुपये प्लस 18 प्रतिशत जीएसटी और बीना प्लांट के लिए 284.4 करोड़ रुपये है। ऑर्डर पूरा करने की अवधि निगरी प्लांट के मामले में 33 महीने और बीना प्लांट के मामले में 30 महीने है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।