GK Energy IPO Listing: सोलर एनर्जी कंपनी की अच्छी शुरुआत, शेयर 12% बढ़त के साथ लिस्ट

GK Energy IPO Listing: पब्लिक इश्यू 19 सितंबर को खुला था और 23 सितंबर को 93.58 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ। वित्त वर्ष 2025 में जीके एनर्जी का शुद्ध मुनाफा 133.21 करोड़ रुपये रहा। कुल उधारी 217.79 करोड़ रुपये थी

अपडेटेड Sep 26, 2025 पर 5:26 PM
Story continues below Advertisement
GK Energy IPO का साइज 464.26 करोड़ रुपये था।

GK Energy Share Listing: सोलर एनर्जी सेक्टर की कंपनी जीके एनर्जी की आज 26 सितंबर को शेयर बाजार में लिस्टिंग निवेशकों को खुश करने वाली रही। शेयर BSE पर करीब 8 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 165 रुपये और NSE पर लगभग 12 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 171 रुपये पर लिस्ट हुआ। IPO प्राइस 153 रुपये था। कारोबार बंद होने पर शेयर BSE पर लिस्टिंग प्राइस से 1.67 प्रतिशत और IPO प्राइस से 9.6 प्रतिशत बढ़त के साथ 167.75 रुपये पर सेटल हुआ। NSE पर यह IPO प्राइस से 9 प्रतिशत बढ़त और लिस्टिंग प्राइस से 2 प्रतिशत गिरावट के साथ 166.95 रुपये पर सेटल हुआ।

GK Energy IPO का साइज 464.26 करोड़ रुपये था। इस इश्यू में 400 करोड़ रुपये के 2.61 करोड़ नए शेयर जारी हुए। साथ ही 64.26 करोड़ रुपये के 42 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहा। IPO 19 सितंबर को खुला था और 23 सितंबर को 93.58 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 193 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के​ लिए रिजर्व हिस्सा 128.56 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के​ लिए रिजर्व हिस्सा 21.78 गुना भरा।

क्या करती है कंपनी


GK Energy केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान योजना (पीएम-कुसुम स्कीम) के कंपोनेंट बी के तहत सोलर एनर्जी से चलने वाले एग्रीकल्चरल वॉटर पंप सिस्टम्स के लिए इंजीनियरिंग, खरीद और कमीशनिंग (EPC) सर्विसेज देती है। यह कंपनी किसानों को इन पंप सिस्टम्स के सर्वे, डिजाइन, सप्लाई, असेंबली और इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग, कमीशनिंग और मेंटेनेंस के लिए एंड टू एंड सिंगल सोर्स सॉल्यूशन देती है। कंपनी का मार्केट कैप 3400 करोड़ रुपये है। इसके प्रमोटर गोपाल राजाराम काबरा और मेहुल अजीत शाह हैं।

Saatvik Green IPO Listing: ₹465 के शेयरों की फ्लैट एंट्री, लेकिन कंपनी का मुनाफा बढ़ रहा रॉकेट की स्पीड से

IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल

IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल हुए पैसों का इस्तेमाल कंपनी लॉन्ग टर्म की वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। वित्त वर्ष 2025 में जीके एनर्जी की कुल इनकम 1099.18 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 133.21 करोड़ रुपये और EBITDA 199.69 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी पर कुल उधारी 217.79 करोड़ रुपये थी।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।