Rupee Vs Dollar:ऑल टाइम लो से उबरा रुपया,शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 6 पैसे बढ़कर 88.70 पर पहुंचा

Rupee Vs Dollar: कमजोर डॉलर और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की सफलता की उम्मीद के बीच शुक्रवार (26 सितंबर) को शुरुआती कारोबार में रुपया अपने ऑल टाइम लो से उबरकर 6 पैसे बढ़कर 88.70 प्रति डॉलर पर पहुंच गया

अपडेटेड Sep 26, 2025 पर 11:59 AM
Story continues below Advertisement
विदेशी मुद्रा व्यापारियों के अनुसार एफआईआई निकासी तथा अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण स्थानीय मुद्रा की बढ़त सीमित रही।

Rupee Vs Dollar: कमजोर डॉलर और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की सफलता की उम्मीद के बीच शुक्रवार (26 सितंबर) को शुरुआती कारोबार में रुपया अपने ऑल टाइम लो से उबरकर 6 पैसे बढ़कर 88.70 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि, विदेशी मुद्रा व्यापारियों के अनुसार एफआईआई निकासी तथा अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण स्थानीय मुद्रा की बढ़त सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 88.72 पर खुला और बाद में 88.70 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 6 पैसे अधिक है। गुरुवार (25 सितंबर) को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 1 पैसे गिरकर 88.76 के नए ऑल टाइम लो स्तर पर बंद हुआ था।

फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, "बाजार 1 अक्टूबर को आरबीआई की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं, जब MPC गिरते रुपये और व्यापार शुल्कों की अनिश्चितताओं के बीच अपने ब्याज दरों के फैसले की घोषणा करेगी। कुल मिलाकर परिदृश्य सतर्क दिख रहा है, क्योंकि बाजार की धारणा विदेशी पूंजी प्रवाह, वैश्विक जोखिम परिवेश और भारत और अमेरिका के बीच नीतिगत अनिश्चितताओं के समाधान से जुड़ी है।"


भारतीय टीम न्यूयॉर्क में अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ व्यापार वार्ता करने के बाद अमेरिका से लौट आया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल जिन्होंने टीम का नेतृत्व किया था शुक्रवार (26 सितंबर) को वापस आएंगे। यह टीम दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते पर बातचीत करने के लिए सोमवार (22 सितंबर) को न्यूयॉर्क पहुंची थी।

इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती का आकलन करने वाला डॉलर इंडेक्स 0.17% की गिरावट के साथ 98.38 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.22% की बढ़त के साथ 69.57 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

भंसाली ने कहा, "रूस द्वारा ईंधन प्रतिबंधों को बढ़ाए जाने, अमेरिका में कच्चे तेल के भंडार में गिरावट, यूक्रेन द्वारा रूस के बुनियादी ढांचे पर हमलों से बढ़े भू-राजनीतिक जोखिम और उसके बाद NATO देश की कड़ी प्रतिक्रिया के कारण ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतें बढ़कर 69.61 डॉलर प्रति बैरल हो गईं।"

घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर देखें तो शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 329.66 अंक गिरकर 80,830.02 पर आ गया, जबकि निफ्टी 105.7 अंक गिरकर 24,785.15 पर आ गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।