Global market : गिफ्ट निफ्टी से बाजार के लिए अच्छे संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार भी कल मजबूत होकर बंद हुए थे। नैस्डैक न्यू लाइफ हाई पर पहुंच गया था। हलांकि एशियाई बाजार मिले-जुले दिख रहे हैं। इधर मिडिल ईस्ट संकट बढ़ने से क्रूड में तेजी आई है और ये 87 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। अमेरिकी बाजार में चढ़ने वाले टेक शेयरों पर नजर डालें तो टेस्ला में 6 फीसदी, एप्पल में 3 फीसदी, माइक्रोसॉफ्ट में 2 फीसदी और अमेजन में 2 फीसदी की तेजी देखने को मिली थी। वहीं, NVIDIA,अल्फाबेट और मेटा में 1 फीसदी की तेजी आई थी।
Goldman Sachs को 6 बड़ी टेक कंपनियों में तेजी की उम्मीद है। उसको अमेजन, एप्पल, अल्फाबेट में तेजी की उम्मीद है। Goldman Sachs का मानना है कि मेटा, माइक्रोसॉफ्ट, NVIDIA में भी तेजी संभव है। Goldman Sachs का कहना है कि इन कंपनियों का EPS 30 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है। बाकी 494 शेयरों का EPS 5 फीसदी की दर से बढ़ सकता है।
अमेरिका की बॉन्ड यील्ड की बात करें तो 30 साल का बॉन्ड यील्ड 4.56 फीसदी पर, 10 साल का बॉन्ड यील्ड 4.40 फीसदी पर, 5 साल का बॉन्ड यील्ड 4.37 फीसदी पर और 2 साल का बॉन्ड यील्ड 4.74 फीसदी पर दिख रहा है।
US ISM मैन्युफैक्चरिंग PMI जून में 48.5 के स्तर पर रही है। ये मई में 48.7 के स्तर पर रही थी। S&P ग्लोबल US मैन्युफैक्चरिंग PMI जून में 51.6 के स्तर पर रही है। ये मई में 51.3 के स्तर पर रही थी।
डॉलर के मुकाबले येन में कमजोरी बढ़ गई है। डॉलर 38 सालों की ऊंचाई पर पहुंच गया है। डॉलर के मुकाबले येन 161.72 तक पहुंच गया है।
क्रूड की कीमतों में लगातार चौथे हफ्ते तेजी जारी है। ब्रेंट का भाव 87 डॉलर के करीब पहुंच गया है। वहीं, WTI का भाव 83 डॉलर के पार निकल गया है। जून में कच्चे तेल का भाव 6 फीसदी चढ़ा है। मांग में तेजी और सप्लाई की चिंताओं से इसके भाव चढ़े हैं। बाजार को फेड मिनट्स और नॉन फार्म पेरोल के आंकड़ों का इंतजार है।
आज एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। गिफ्ट निफ्टी करीब 38 अंकों की बढ़त के साथ 24,243 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, निक्केई 14.64 अंक यानी करीब 0.04 फीसदी तेजी के साथ 39,661.51 के आसपास दिख रहा है। स्ट्रेट टाइम्स 17.64 अंक यानी 0.53 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, ताइवान का बाजार 194.59 अंक यानी 0.84 फीसदी की गिरावट के साथ 22,865.18 के स्तर पर नजर आ रहा है। जबकि हांग कांग का हैंग सेंग 69.79 अंक यानी 0.38 फीसदी की तेजी के साथ 17,786.07 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। हालांकि कोस्पी में 0.93 फीसदी की कमजोरी दिख रही है। शंघाई कम्पोजिट भी हल्की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।