Global market : ग्लोबल बाजार से मिलेजुले संकेत देखने को मिल रहे हैं। अमेरिका में नैस्डेक और S&P500 इंडेक्स कल रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए थे। कल अमेरिका के महंगाई के आंकड़े आएंगे कल ही यूएस फेड ब्याज दरों पर फैसला लेगा। कल की चीन और भारत के महंगाई आंकड़े भी आएंगे। वहीं, ब्रिटेन के महंगाई आंकड़े 19 जून को और जापान के महंगाई आंकड़े 21 जून को आएंगे। अमेरिका की बॉन्ड यील्ड पर नजर डालें तो 30 साल की बॉन्ड यील्ड 4.59 फीसदी पर, 10 साल की बॉन्ड यील्ड 4.46 फीसदी पर और 5 साल की बॉन्ड यील्ड 4.47 फीसदी पर और 2 साल की बॉन्ड यील्ड 4.88 फीसदी पर दिख रही है।
क्रूड के दाम एक दिन में 3 फीसदी से ज्यादा चढ़े हैं। ब्रेंट का भाव 82 डॉलर के पार निकल गया है। WTI में भी 78 डॉलर के ऊपर कारोबार हो रहा है। बाजार को मांग बढ़ने और सप्लाई गिरने की उम्मीद है। बाजार की नजर अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर टिकी हुई है। ब्याज दरों पर कल अमेरिकी फेड फैसला लेगा।
Goldman Sachs का कहना है कि ब्रेंट का भाव 75-90 डॉलर के दायरे में रहेगा। मांग घटने पर ब्रेंट 75 डॉलर तक गिर सकता है। तीसरी तिमाही में ब्रेंट 86 डॉलर तक चढ़ सकता है। ब्रेंट का भाव 90 डॉलर के ऊपर जाने की उम्मीद नहीं है।
आज एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। गिफ्ट निफ्टी 35 अंकों की बढ़त के साथ 23,268 पर नजर आ रहा है। वहीं, निक्केई 117 अंक यानी करीब 0.30 फीसदी तेजी के साथ 39,155.16 के आसपास दिख रहा है। स्ट्रेट टाइम्स की चाल सुस्त दिख रही है। यह 10.61 अंक यानी 0.35 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, ताइवान का बाजार 18.01 अंक यानी 0.08 फीसदी की तेजी के साथ 21,880.14 के स्तर पर नजर आ रहा है। जबकि हांग कांग का हैंग सेंग 318.90 अंक यानी 1.74 फीसदी की गिरावट के साथ 18,046.47 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। हालांकि कोस्पी में 0.36 फीसदी की तेजी दिख रही है। शंघाई कम्पोजिट भी 32 अंक यानी 1.05 फीसदी की गिरावट के साथ 3,019.19 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।