अमेरिका में रिटेल महंगाई के 40 साल के हाई पर पहुंचने से ग्लोबल मार्केट का मूड बिगड़ गया है। DOW फ्यूचर्स में 300 अंकों की जोरदार गिरावट देखने को मिल रही है। शुक्रवार को DOW 880 अंक फिसलकर बंद हुआ था। एशिया भी कमजोर है। SGX निफ्टी 300 अंक गिरकर 15 हजार 900 के नीचे दिख रहा है।
महंगाई बढ़ने का US मार्केट पर बुरा असर
मई में US रिटेल महंगाई अनुमान से अधिक 8.6 फीसदी पर रही है। अमेरिकी महंगाई 40 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। शुक्रवार को US मार्केट भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। जनवरी के बाद 1 हफ्ते में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। Dow में 880 अंक और Nasdaq में 414 अंकों की गिरावट आई थी। S&P 500 में भी 117 अंको की गिरावट देखने को मिली थी।
S&P 500 इंडेक्स 3 जनवरी के उच्चतम स्तर से 18 फीसदी लुढ़क गया है। उधर US Vix 27.75 पर और डॉलर इंडेक्स 104 पर दिख रहे हैं। ब्रेंट का भाव 120 डॉलर के करीब बरकरार है। 10 साल के US बॉन्ड की यील्ड 3.19 फीसदी पर आ गया है। वहीं, 10 साल के भारतीय बॉन्ड की यील्ड 7.51 फीसदी पर आ गई है। 2 साल के US बॉन्ड की यील्ड 2008 के बाद अपने उच्चतम स्तर पर है। उधर पेट्रोल के भाव में 5 डॉलर प्रति गैलन की बढ़ोतरी देखने को मिली है। मेकअप की दिग्गज कंपनी Revlon ने दिवालिएपन की अर्जी दी है। बैंक ऑफ इंग्लैंड का ब्याज दरों पर फैसला इस हफ्ते आ सकता है। इस हफ्ते भारत के मई के CPI और WPI आंकड़े आएंगे। उधर EU आज यूक्रेन के यूरोपीय यूनियन में शामिल होने पर फैसला सुनाएगा। इस बीच चीन ने अमेरिका को दो टूक जवाब देते हुए कहा है कि ताइवान स्ट्रेट इंटरनेशनल वॉटर्स का हिस्सा नहीं है।
आज एशियाई बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिल रही है। SGX NIFTY 312 अंक यानी करीब 2 फीसदी नीचे दिख रहा है। वहीं, निक्केई करीब 2.64 फीसदी गिरावट के साथ 27,088.86 के आसपास दिख रहा है। स्ट्रेट टाइम्स में भी 0.77 फीसदी की कमजोरी नजर आ रही है। वहीं, ताइवान का बाजार 2.3 फीसदी की गिरावट के साथ 16083.29 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। जबकि हैंगसेंग 2.5 फीसदी की भारी गिरावट के साथ 21,263.26 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, कोस्पी में 2.77 फीसदी की कमजोरी दिख रही है। वहीं शंघाई कम्पोजिट 0.92 फीसदी की गिरावट के साथ 3,254.51 के स्तर पर दिख रहा है।