Wall Street : वॉल स्ट्रीट शुक्रवार को सपाट बंद हुआ। अमेरिकी इंडेक्स पिछले कारोबारी सत्र के डॉव और एसएंडपी 500 के रिकॉर्ड-हाई क्लोजिंग के करीब ही घूमते दिखे। जबकि डॉलर में मजबूती आई। निवेशकों ने फेडरल रिजर्व द्वारा सप्ताह के मध्य में 50 आधार अंकों की कटौती को पचा लिया। इस कटौती से ब्याज दरों में कटौती का चक्र शुरू हो गया है। ब्याज दरों में कटौती के कुछ दिनों बाद, दो फेड गवर्नरों ने एक दूसरे के विपरीत विचार व्यक्त किए। इससे महंगाई की संभावनाओं पर नए सिरे से चर्चा शुरू हो गई है।
सभी तीनों बड़े अमेरिकी शेयर सूचकांक सप्ताह के अंत में उच्च स्तर पर बंद हुए। गुरुवार के ऑलटाइम हाई के आसपास ही बंद हुए। निवेशकों ने इक्विटी मार्केट में रुचि दिखाई जिसका असर इन इंडेक्सों पर दिखा। सीएमई के फेडवाच टूल के मुताबिक बाजार नवम्बर में कम से कम 25 बेसिस प्वाइंट्स की कटौती की पूरी उम्मीद कर रहा है। वहीं, 48.9 फीसदी संभावना के साथ 50 बेसिस प्वाइंट कटौती की उम्मीद है।
यू.एस. ग्लोबल इन्वेस्टर्स के हेड ट्रेडर माइकल माटूसेक ने कहा कि 50 बेसिस प्वाइंट की दर कटौती ने निवेशकों को "उन जोखिमों के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया है जिनके बारे में वे नहीं जानते हैं" तथा वे "अज्ञात जोखिमों" के लिए तैयारी करना चाहते हैं।
उन्होंने आगे कहा, "दूसरा प्रश्न यह है कि क्या सॉफ्ट लैंडिंग कारगर होगी, क्योंकि इससे निवेशकों पर थोड़ा असर पड़ सकता है और कुछ चिंताएं पैदा हो सकती हैं।" उनका इशारा उस आदर्श आर्थिक स्थिति की ओर था, जिसमें मंदी को बढ़ावा मिले बिना महंगाई कम हो जाती है।
कल डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.09 फीसदी बढ़कर 42,063.36 पर बंद हुआ। जबकि एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.19 फीसदी गिरकर 5,702.55 पर और नैस्डैक कंपोजिट 0.36 फीसदी गिरकर 17,948.32 पर बंद हुआ। डॉव की तेजी में नाइकी का सबसे बड़ा योगदान रहा। इसके शेयरों में यह खबर आने के बाद तेजी आई कि पूर्व वरिष्ठ कार्यकारी इलियट हिल कंपनी में पुनः शामिल होंगे तथा जॉन डोनाहो के स्थान पर सीईओ बनेंगे।
ग्लोबल स्टॉक्स का एमएससीआई इंडेक्स गुरुवार को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद 0.21 फीसदी गिरकर 837.69 पर आ गया। सप्ताह की शुरुआत में डॉलर में आई गिरावट के बाद डॉलर में मजबूती आई। तमाम मुद्राओं की एक बॉस्केट के मुकाबले डॉलर की कीमत मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.12 फीसदी बढ़कर 100.79 पर पहुंच गया।
यूटिलिटी सेक्टर ने बेहतर प्रदर्शन किया, जिसमें कांस्टेलेशन एनर्जी का योगदान सबसे ज्यादा रहा। इसके शेयरों में 20% से अधिक की बढ़ोतरी हुई। माइक्रोसॉफ्ट के साथ इसके एक समझौते की खबर ने स्टॉक में जोश भर किया। इस समझौते के तहत ऑर्टिफिशियल प्रोजोक्ट्स को सपोर्ट करने के लिए बंद पड़े परमाणु संयंत्र के एक हिस्से को फिर खोला जाएगा।