Global market : टेक्नोलॉजी दिग्गज अल्फाबेट और माइक्रोसॉफ्ट के मजबूत तिमाही नतीजों के अलावा मध्यम मध्यम महंगाई आंकड़ों के बाद मेगाकैप ग्रोथ शेयरों में तेजी के दम पर अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए। निवेशकों ने अल्फाबेट के पहले डिवीडेंड, उसके 70 बिलियन डॉलर के स्टॉक बायबैक प्रोग्राम और पहली तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजों का स्वागत किया। अल्फाबेट को शेयरों में 10% की बढ़ोतरी हुई और ये रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। जिसके Google की पैरेंट इस कंपनी का मार्केट कैप 2 ट्रिलियन डॉलर से ऊपर पहुंच गया।
माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में 1.8 फीसदी की बढ़त
तीसरी तिमाही में रेवेन्यू और मुनाफा दोनों ही वॉल स्ट्रीट के अनुमान से बेहतर रहने के बाद माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में 1.8 फीसदी की बढ़त हुई। कंपनी को अपनी क्लाउड सर्विसेज में ऑर्टिफिशियल (AI) को अपनाने से फायदा हुआ है।
मेटा के नतीजों ने निवेशकों को निराश किया
इनके अलावा दूसरे मेगाकैप ग्रोथ स्टॉक भी बढ़त पर बंद हुए। Amazon.com में 3.4 फीसदी की बढ़त हुई, Nvidia में 5.8 फीसदी की बढ़त हुई, और मेटा प्लेटफ़ॉर्म में 0.4 फीसदी की बढ़त हुई। हालांकि, Apple 0.3 फसीद गिरा और टेस्ला 1.1 फीसदी नीचे बंद हुआ। बुधवार को आए मेटा के नतीजों ने निवेशकों को निराश किया, जबकि कंपनी ने एआई पर खर्च बढ़ा दिया है।
11 अहम एसएंडपी 500 सेक्टरों में से 6 बढ़त पर बंद
S&P 500 और नैस्डैक ने नवंबर 2023 की शुरुआत के बाद से अपना सबसे बड़ा साप्ताहिक प्रतिशत गेन दर्ज किया। बेंचमार्क S&P 500 इंडेक्स ने तीन सप्ताह की गिरावट के सिलसिले को तोड़ दिया। जबकि नैस्डैक में लगातार चार सप्ताह की गिरावट को लगाम लगती दिखी। कम्युनिकेशन सर्विसेज, टेक्नोलॉजी, कंज्यूमर डिस्क्रीशनरी और मटेरियल में बढ़त के कारण 11 अहम एसएंडपी 500 सेक्टरों में से 6 बढ़त पर बंद हुए हैं।
सितंबर में फेडरल रिजर्व दर में कटौती का अनुमान
अमेरिकी वाणिज्य विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि मंथली महंगाई मार्च में सालाना आधार पर मामूली रूप से बढ़ी है, जबकि यह मासिक आधार पर अनुमान के अनुरूप रही है। इन आकंड़ों से महंगाई जनित मंदी की चिंताओं से घबराए फाइनेंशियल मार्केट को कुछ राहत मिली। इन आंकड़ों के बाद मनी मार्केट में सितंबर में फेडरल रिजर्व दर में कटौती की प्रबल संभावना जाहिर की जा रही है। इन आंकड़ों बाद बेंचमार्क 10-ईयर ट्रेजरी नोट यील्ड गिर गई।
तीनों अहम इंडेक्स बढ़त पर हुए बंद
कारोबारी सत्र के अंत में शुक्रवार को डाओ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 153.86 अंक या 0.40 फीसदी बढ़कर 38,239.66 पर, एसएंडपी 500 51.54 अंक या 1.02 फीसदी बढ़कर 5,099.96 पर और नैस्डैक कंपोजिट 316.14 अंक या 2.03 फीसदी बढ़कर 15,927.90 पर बंद हुआ।