Go Fashion Shares: गो फैशन लिमिटेड के शेयरों में आज 24 जुलाई को जून तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद 10% की भारी तेजी आई। कंपनी ने बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष की जून तिमाही में उसे 29 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ, जो पिछले साल इसी तिमाही में रहे 26.3 करोड़ रुपये के मुनाफे से करीब 10.3 फीसदी अधिक है। वहीं कंपनी का रेवेन्यू इस दौरान 16 फीसदी बढ़कर 220 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी EBITDA 12.4 फीसदी बढ़कर 72 करोड़ रुपये रहा। हालांकि इसका EBITDA मार्जिन घटकर 32.7 फीसदी पर आ गया, जो इसके पिछले साल इसी तिमाही में 33.7 फीसदी था।
नतीजों के ऐलान के बाद गो फैशन के शेयरों में भारी तेजी देखी गई। दिन के कारोबार के दौरान शेयर 11.53 फीसदी उछलकर 1,179.90 रुपये के स्तर तक पहुंच गए। य़ह इसका पिछले 3 महीनों का सबसे उच्चतम स्तर है। हालांकि बाद में यह तेजी थोड़ी कम हुई और NSE पर दोपहर 1.45 बजे के करीब, गो फैशन के शेयर 4.6 फीसदी की तेजी के साथ 1,106.75 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि इस साल की शुरुआत से अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 10 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों का भाव 3 फीसदी टूटा है।
ब्लूमबर्ग पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी के शेयर को फिलहाल 8 एनालिस्ट्स कवर कर रहे हैं। इसमें से 6 ने इसे 'Buy' रेटिंग दी हुई है। वहीं सिर्फ एक एनालिस्ट्स ने इसे 'Sell' रेटिंग दी है। एनालिस्ट्स का इस शेयर को दिया औसत टारगेट प्राइस इसमें मौजूदा स्तर से 7.9 फीसदी की और तेजी आने की उम्मीद जताता है।