भारत की दो बड़ी रियल एस्टेट कंपनियों गोदरेज प्रॉपर्टीज (Godrej Properties) और मैक्रोटेक डेवलपर्स (Macrotech Developers) ने अप्रैल-सितंबर के दौरान 22000 करोड़ रुपये से अधिक की प्रॉपर्टीज बेची हैं। महंगे घरों की मजबूत डिमांड के चलते दोनों कंपनियों की संयुक्त बिक्री में सालाना आधार पर 56 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। गोदरेज प्रॉपर्टीज अपनी रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स को गोदरेज ब्रांड के तहत और मैक्रोटेक डेवलपर्स अपनी प्रॉपर्टीज को ‘लोढ़ा’ ब्रांड के तहत बेचती है।
शुक्रवार को गोदरेज प्रॉपर्टीज के शेयर 5.56 फीसदी की गिरावट के साथ 2897.70 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। दूसरी ओर, मैक्रोटेक डेवलपर्स के शेयरों में 0.33 फीसदी की गिरावट आई और यह 1171.85 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
Godrej और Macrotech Developers के पहली छमाही के आंकड़े
मौजूदा वित्त वर्ष (2024-25) की पहली छमाही के दौरान गोदरेज प्रॉपर्टीज ने 13800 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां बेचीं। इस दौरान मैक्रोटेक डेवलपर्स की बिक्री बुकिंग 8320 करोड़ रुपये रही। इनमें से अधिकांश बिक्री हाउसिंग यूनिट्स की थी। अप्रैल-सितंबर 2024 के दौरान मुंबई स्थित दोनों रियल एस्टेट कंपनियों की संयुक्त बिक्री बुकिंग 22120 करोड़ रुपये रही, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में दोनों कंपनियों ने 14178 करोड़ रुपये की बिक्री की थी।
हालिया आंकड़ों के अनुसार, गोदरेज प्रॉपर्टीज की बिक्री बुकिंग मूल्य इस वर्ष अप्रैल-सितंबर के दौरान सालाना आधार पर 89 फीसदी बढ़कर 13800 करोड़ रुपये से अधिक हो गई, जबकि एक वर्ष पहले इसी अवधि में यह 7288 करोड़ रुपये थी। मैक्रोटेक डेवलपर्स ने बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही में उसकी बिक्री बुकिंग 21 फीसदी बढ़कर 8320 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 6890 करोड़ रुपये थी।
दोनों कंपनियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
गोदरेज प्रॉपर्टीज ने इस अवधि में अबतक का सबसे अधिक बिक्री बुकिंग मूल्य हासिल किया है। गोदरेज प्रॉपर्टीज और मैक्रोटेक डेवलपर्स, दोनों ने 2024-25 वित्त वर्ष के लिए अपने बिक्री बुकिंग लक्ष्य को प्राप्त करने का भरोसा जताया है। गोदरेज प्रॉपर्टीज ने पूरे वित्त वर्ष के लिए 27500 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है, जबकि मैक्रोटेक डेवलपर्स ने 17500 करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान दिया है।
गोदरेज प्रॉपर्टीज वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान बिक्री बुकिंग के मामले में सबसे बड़ी लिस्टेड रियल एस्टेट कंपनी बन गई। पिछले वित्त वर्ष में गोदरेज प्रॉपर्टीज की बिक्री बुकिंग 84 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 22,527 करोड़ रुपये हो गई, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष में यह 12,232 करोड़ रुपये थी। मैक्रोटेक डेवलपर्स ने बिक्री बुकिंग में 20 फीसदी की वृद्धि दर्ज की और यह रिकॉर्ड 14,520 करोड़ रुपये हो गई, जबकि उससे एक वर्ष पूर्व यह 12,060 करोड़ रुपये थी।