Gold-Silver ETF Falls: सोने और चांदी के ईटीएफ (एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स) में आज बिकवाली का भारी दबाव दिखा। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के चलते कच्चे तेल में उबाल आया तो इनके भाव टूट गए। इसके अलावा डॉलर की मजबूती और वैश्विक ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने के आसार ने भी इसे तोड़ दिया। इन चार वजहों से गोल्ड ईटीएफ 3% से अधिक टूट गया तो सिल्वर ईटीएफ में भी करीब 5% की गिरावट आई। स्पॉट प्राइस की बात करें तो स्पॉट गोल्ड बुधवार को प्रति औंस (28.35 ग्राम) गोल्ड 1.9% फिसलकर $4,181.04 पर आ गया तो स्पॉट चांदी भी प्रति औंस 2.1% फिसलकर $64.01 पर आ गई। घरेलू मार्केट में दिल्ली में आज 24 कैरट की शुद्धता वाला 10 ग्राम गोल्ड फिसलकर ₹1,49,630 और चांदी प्रति किलो ₹2,35,520 के भाव पर आ गया।
Gold-Silver ETF के क्या हैं हाल
गोल्ड ईटीएफ में बात करें तो निप्पॉन इंडिया गोल्ड बीईईएस (GOLDBEES) 3.1% गिरकर ₹121.54, ICICI प्रूडेंशियल गोल्ड ईटीएफ (GOLDIETF) 3.3% गिरकर ₹125.69, SBI गोल्ड ईटीएफ (SETFGOLD) 3.2% फिसलकर ₹125.33 और टाटा गोल्ड ईटीएफ (TATAGOLD) 2.9% टूटकर ₹14.29 पर आ गया। अब सिल्वर ईटीएफ की बात करें तो इनमें भी जबरदस्त बिकवाली दिखी। एसबीआई सिल्वर ईटीएफ (SBISILVER) 4.8% गिरकर ₹226.08, निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ (SILVERBEES) 4.8% फिसलकर ₹220.89, ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ईटीएफ (SILVERIETF) 4.7% टूटकर ₹230.82 और टाटा सिल्वर ईटीएफ (TATSILV) 4.8% गिरकर ₹22.42 पर आ गया।
बाजार के जानकारों का मानना है कि जियोपॉलिटिकल टेंशन, तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के चलते सोना-चांदी नरम पड़ा है। अमेरिका और ईरान के बीच फिर से तनाव बढ़ा तो कच्चा तेल करीब 1% उछल पड़ा, जिससे महंगाई का दबाव बढ़ने और मॉनीटरी पॉलिसी में ढील देने में देरी की आशंका जताई जाने लगी। इसने सोने-चांदी पर दबाव बनाया। तेल की कीमतों में उछाल के साथ डॉलर भी मजबूत हुआ, जिससे दूसरी करेंसी रखने वालों के लिए सोना और चांदी महंगे हो गए और इनकी मांग कम हो गई। तेल की बढ़ती कीमतों से इसके आसार बढ़े हैं कि महंगाई को काबू में रखने के लिए अमेरिकी फेडरल रिजर्व समेत दूसरे देशों के केंद्रीय बैंकों को लंबे समय तक ब्याज दरें ऊंची रखनी पड़ सकती है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।