Gold-Silver Price : बुधवार को सुबह के कारोबार में गोल्ड से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली है। ग्लोबल मार्केट में सोने की कीमतों में भारी गिरावट का असर बाजार के सेंटीमेंट पर पड़ा है। इसका प्रभाव गोल्ड से जुड़ी कंपनियों पर देखने को मिला है। सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाली कंपनियों में मन्नापुरम फाइनेंस के शेयर 4.41% गिरकर ₹293.70 पर आ गए हैं। जबकि मुथूट फाइनेंस के शेयर 3.95% गिरकर ₹2,873 पर दिख रहे हैं। भारत में चांदी की सबसे बड़ी उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान जिंक के शेयर 3.33% गिरकर ₹544.90 पर आ गए हैं। इसी तरह IIFL फाइनेंस के शेयर 1.78% गिरकर ₹499 पर दिख रहे हैं। ग्लोबल मार्केट में सोने की कीमतों में और गिरावट के बाद इन शेयरों में कमजोरी आई है।
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले सेशन में 1.6 फीसदी की गिरावट के बाद,बुधवार को सोने की कीमत 2 फीसदी तक गिरकर 4,175 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई। वहीं, चांदी की कीमत 2.3 फीसदी गिरकर 63.86 डॉलर प्रति औंस हो गई। प्लेटिनम और पैलेडियम की कीमतों में भी गिरावट आई है। अमेरिकी करेंसी का पैमाना ब्लूमबर्ग डॉलर स्पॉट इंडेक्स,लगभग सपाट दिख रहा है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक,ईरान द्वारा आमेरिका का एक मिलिट्री हेलिकॉप्टर गिराए जाने के जवाब में अमेरिका के हमले के बाद सोने की कीमतों पर दबाव बना है। इस घटना से मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है और आर्थिक हालात को लेकर चिंताएं भी पैदा हो गईं।
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि सोना अभी फरवरी के आखिर में ईरान के साथ टकराव शुरू होने से पहले के स्तर से लगभग 20 प्रतिशत नीचे ट्रेड कर रहा है। सोने का अपने 200 डे मूविंग एवरेज (एक अहम टेक्निकल इंडिकेटर जिसे इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स ट्रैक करते हैं) से नीचे गिरना और ज्यादा बिकवाली के दबाव का कारण बना है।
ब्लूमबर्ग ने स्टैंडर्ड चार्टर्ड पीएलसी में कमोडिटीज रिसर्च की ग्लोबल हेड सुकी कूपर के हवाले से कहा कि निकट भविष्य में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है। इसमें और गिरावट से नुकसान का जोखिम बढ़ सकता है,क्योंकि गोल्ड-बैक्ड एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (ETF) में ज्यादा होल्डिंग्स नुकसान वाले दायरे में जा रही हैं।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक सोने के लिए अगला बड़ा टेक्निकल सपोर्ट लेवल 4,100 डॉलर प्रति औंस के आसपास है। एक और जहां भारत जैसे बाजारों में सोने की मांग कमजोर बनी हुई है,वहीं चीन में मजबूती दिख रही है और वहां सोने पर लोकल प्रीमियम काफी हद तक स्थिर है।
इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी का कहना है कि MCX गोल्ड रेट और MCX सिल्वर की कीमतों का आउटलुक नेगेटिव बना हुआ है। उनके मुताबिक MCX गोल्ड को ₹1,49,000 के लेवल पर सपोर्ट मिल सकता है,जबकि रेजिस्टेंस ₹1,51,000 पर है। आउटलुक नेगेटिव बना हुआ है और'सेल ऑन बाउंस'स्ट्रैटेजी अपनाई जा सकती है।"
MCX सिल्वर पर भी उनकी'सेल ऑन राइज़'स्ट्रैटेजी अपनाने की सलाह क्योंकि इसका आउटलुक कमजोर बना हुआ है। उनका कहना है कि MCX सिल्वर के लिए सपोर्ट ₹2,30,000 प्रति किलोग्राम पर दिख रहा है,जबकि रेजिस्टेंस ₹2,40,000 के लेवल पर है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।